आज ऊना में गरजेंगे राहुल गांधी
दोपहर डेढ़ बजे सलोह स्कूल में लैंड करेगा हेलिकाप्टर
ऊना – कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को ऊना के पुलिस मैदान में कांग्रेस की चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी दोपहर डेढ़ बजे हेलिकोप्टर से सलोह स्कूल मैदान में उतरेंगे। यहां से वह सड़क से होते हुए सीधे रैली स्थल जाएंगे। राहुल गांधी की जनसभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। पार्टी प्रभारी व एआईसीसी सचिव गुरकीरत सिंह कोटली, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक ऊना सदर सतपाल सिंह रायजादा, जिला कांग्रेस प्रधान राजेश पराशर व अन्य नेताओं ने गुरुवार को पुलिस ग्राऊंड में रैली की तैयारियों का जायजा लिया। रैली स्थल में तीन बड़े डोम लगाए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने भी राहुल गांधी की रैली के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। रैली में आने वाले वाहनों के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था की गई है। पुलिस ने इसके लिए बाकायदा ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। रैली में भीड़ जुटाने के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस नेताओं को ड्यूटियां बांटी गई हैं, लेकिन रैली में भीड़ जुटाने का मुख्य दारोमदार जिला ऊना के पांचों विस क्षेत्रों के नेताओं पर रहेगा। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के हरोली विस क्षेत्र, ऊना सदर विस क्षेत्र से विधायक सतपाल रायजादा के अलावा गगरेट से पूर्व विधायक राकेश कालिया, अंब विस क्षेत्र से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप कुमार तथा कुटलैहड़ विस क्षेत्र से कांग्रेस नेताओं पर रैली में भीड़ एकत्रित करने का जिम्मा रहेगा। जला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश पराशर राजू ने कहा कि ऊना जिला में राहुल गांधी की रैली की तैयारियां पुरी कर ली गई है। रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी जोश है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App