आज भी बारिश, ओलावृष्टि के आसार

By: May 17th, 2019 12:01 am

विभाग का पूर्वानुमान, प्रदेश में 22 तक खराब रहेगा मौसम

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में बारिश व तूफान ने फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह के समय राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश रिकार्ड की गई है।  मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी इलाकों सहित शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, चंबा और सिरमौर में शुक्रवार को भी कुछ स्थानों पर बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होगी।  राज्य में 22 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कु छ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। मैदानी इलाकों में  बुधवार रात के समय ही तूफान व बारिश का क्रम जारी हो गया था, जो सिलसिला गुरुवार सुबह तक जारी रहा।  राजधानी शिमला में भी गुरुवार सुबह के समय तेज गर्जन के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश व तूफान से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक आठ डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा डलहौजी, कांगड़ा में चार, धर्मशाला में तीन, बिलासपुर, हमीरपुर में दो डिग्री तक तापमान लुढ़का है। राज्य के अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आंकी गई है। न्यूनतम तापामान में एक से तीन डिग्री की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने के बाद राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन और न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक कम रिकार्ड किया जा रहा है।  मौसम विभाग ने राज्य में 22 मई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इस दौरान तापमान में और गिरावट आने की उम्मीदें जताई जा रही है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मैदानी व मध्यम ऊचांई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को भी बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होगी। राज्य में 22 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App