आसमान से बरस रही आग

By: May 30th, 2019 12:08 am

हमीरपुर में सुबह दस से ही चल रही लू, भीषण गर्मी ने लोगों की बढ़ाई मुश्किलें

हमीरपुर -गर्मी के मौसम में 29 मई का दिन अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। बुधवार दोपहर को यहां तापमान  42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गर्मी का आलम ऐसा था कि दिनभर लोगों की आवाजाही से गुलजार रहने वाले हमीरपुर में सन्नाटा पसरा रहा। इनसानों से लेकर पशु-पक्षी सब छांव तले बैठे रहे। दिन के समय जो लोग जहां थे, उन्होंने वहीं रुकना मुनासिब समझा। बहुत कम लोगों की आवाजाही दिन के समय नजर आई। बुधवार सायं छह बजे भी यहां का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

सुबह साढ़े पांच बजे ही गर्मी का होने लगा था अहसास

सुबह पांच बजकर 22 मिनट पर बुधवार की शुरुआत हुई। रोजाना की तरह सुबह हवाओं में वैसी ठंडक नहीं थी। सुबह की शुरुआत के साथ ही हवाओं में तपिश घुली हुई महसूस की गई। लोगों ने सुबह से ही कामकाज निपटाने की शुरुआत कर दी थी।

लोगों ने सुबह-सुबह ही निपटा लिए कामकाज

पौने छह बजे के आसपास जैसे ही सूर्यदेव ने दर्शन दिए तो उनकी भौंहे तरेरी हुई नजर आईं। सूर्य की पहली किरण अपने साथ गर्मी का लावा लाई थी। लोगों ने सूरज की तपिश को भांपते हुए सुबह के समय ही सारे कामकाज निपटाना उचित समझा।

शाम को भी लोगों को उमस से न हीं मिली राहत

शाम सात बजे तक सूर्यदेव लोगों को अलविदा कहते हुए हालांकि अस्त हो रहे थे, लेकिन तापमान की तपिश खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। सायं छह बजे यहां का तापमान 36, जबकि शाम सात बजे 33 डिग्री रिकार्ड किया गया। सात बजे के बाद ही दोबारा बाजारों में रौनक नजर आई।

दोपहर एक बजे सूने पड़ गए थे बाजार

सुबह दस बजे तक लोगों घरों के अंदर चले गए थे। कामकाज के सिलसिले में जो लोग बाजारों में आए थ,े उन्होंने भी कहीं जूस कार्नर तो कहीं आईसक्रीम की दुकानों में शरण लेना उचित समझा। दोपहर एक बजे तक बाजार सूने हो गए थे। सड़कों पर काफी कम संख्या में लोगों की आवाजाही रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App