आसमान से बरस रही आग

By: May 30th, 2019 12:08 am

जिला में सूर्य देव का कहर; गर्म हवाओं-तेज धूप से लोग परेशान, बाजारों में छाया सन्नाटा

ऊना -ऊना जिला में तपती गर्मी से लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। जिला लगातार गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। गर्म हवाओं व तेज धूप की मार ने लोगों को परेशान कर दिया है। बढ़ रही गर्मी लोगों के खूब पसीने छुड़ा रही है। अभी तक गर्मी से लोगों का पीछा छूटता नजर नहीं आ रहा है। लोगों गर्मी से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। शीतल पेय पदार्थों, जूस की दुकानों में लोगों की खासी भीड़ देखी जा रही है। वहीं, दिन के समय तो अब कर्फ्यू जैसे हालात होने लगे हैं। बुधवार को जिला का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया। सूरज की तेज तपिश से लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक व राहगीर धूप में निकलते समय कपड़े के साथ सिर व मुंह ढक कर निकल रहे हैं। मंगलवार को जिला का तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि बुधवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जिला में बढ़ते पारे ने लोगों के कामकाज को भी काफी प्रभावित किया है। लोग 11 बजे के बाद घरों में बंद हो रहे हैं और सभी कामकाज छोड़कर आराम कर रहे हैं। बाजार में भी दिन के समय सन्नाटा पसर रहा है। दिन के समय लोगों की आवाजाही बाजारों में कम हो गई है। किसी बहुत ही जरूरी काम के लिए ही लोग अपने घरों से निकल रहे हैं। वहीं, गर्मी से बचाव के लिए लोग नींबू पानी, लस्सी, कोल्ड ड्रिंक्स, गन्ने का रस सहित अन्य शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं। गर्म हवाओं ने दोपहिया वाहनों पर ब्रेक ही लगा दी है। अब तो नौबत यहां तक आ चुकी है कि दोपहर के समय वाहन चालक दोपहिया वाहन छोड़ कर अपनी गाड़ी या फिर बसों में ही दूरदराज के क्षेत्रों का सफर कर रहे हैं। उधर, जिला मौसम अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जिला का अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया है। आगामी दिनों में गर्मी के तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि लोगों को सावधानी बरतनी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App