इलेक्शन ड्यूटी पर रहेंगी 1638 बसें

By: May 17th, 2019 12:01 am

जनता को झेलनी पड़ सकती है दिक्कत; निगम का दावा, प्रभावित नहीं होंगे रूट 

शिमला – हिमाचल पथ परिवहन निगम की 1638 बसें इलेक्शन ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। ये बसें शुक्रवार को कर्मचारियों व ईवीएम लेकर विभिन्न पोलिगं स्टेशनों के लिए रवाना होंगी। निगम की बसों के चुनाव ड्यूटी पर होने से राज्य में जनता को आवाहाजी में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासतौैर पर राज्य के उन रूटों जनता को ज्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं। जिन रूटों पर निगम की ही बसें चलती हैं। लोकसभा चुनाव ड्यूटी में एचआरटीसी की बसें भेजने के लिए निगम प्रबंधन ने सभी  तैयारियां पूरी कर ली हैं। हालांकि निगम का दावा है कि 1638 बसें चुनाव ड्यूटी पर जाने से बस रूट प्रभावित नहीं होंगे। बसें कर्मचारियों व ईवीएम को पोलिंग स्टेशनों तक छोड़ने के बाद अपने-अपने रूटों पर रवाना हो जाएंगी। ऐसे में यात्रियों को ज्यादा परेशानियों का सामना नहीं करना पडे़गा। भले ही निगम प्रबंधन रूट प्रभावित न होने का दावा कर रहा हो, बावजूद इसके इतनी बसों के चुनाव ड्यूटी पर होने से रूट प्रभावित होने की आशंका तो बनी ही हुई है। उल्लेखनीय है कि 19 मई को हिमाचल में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं। मतदान प्रक्रिया पूरी करने के लिए कर्मचारी अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना हो जाएंगे। ऐसे में एचआरटीसी की चुनाव ड्यूटी पर भेजी जाने वाली बसें भी कर्मचारियों को लेकर रवाना होंगी। चुनावी ड्यूटी में बसें जाने के बाद यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज सिंघल ने बताया कि एचआरटीसी की 1638 बसें चुनावी ड्यूटी पर रहेंगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, निगम ने इसके लिए विशेष प्लान तैयार कर लिया है।

हमीरपुर से 604 बसें होंगी ड्यूटी पर

निगम द्धारा तैयार किए गए शेड्यूल के तहत हमीरपुर से सबसे अधिक बसें चुनाव ड्यूटी पर रहेंगी। हमीरपुर से 604 बसें चुनाव ड्यूटी पर होंगी। इसके अलावा शिमला से 474, धर्मशाला से 311 व मंडी से 249 बसें चुनाव ड्यूटी पर रहेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App