एचआरटीसी कर्मी करेंगे मतदान

By: May 6th, 2019 12:20 am

कोर्ट ने कहा; करें व्यवस्था, चुनाव आयोग को भेजे आदेश

 शिमला —परिवहन निगम के कर्मचारियों को मताधिकार का प्रयोग देने को लेकर व्यवस्था करने के आदेश मिलने के बाद अदालत के आदेशों को चुनाव आयोग को भेज दिया गया है। चुनाव आयोग अदालत द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार इसका कोई इंतजाम करेगा। राज्य में चुनाव ड्यूटी पर लगे परिवहन निगम के कर्मचारियों को तो पोस्टल बैलेट से मताधिकार का अधिकार मिल जाता है, परंतु जो दूसरे कर्मचारी हैं, वे इससे वंचित रह जाते हैं, जो कि जनसेवा के लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। परिवहन निगम के कर्मचारी इस मामले को लेकर अदालत के समक्ष गए थे, जहां से इनके लिए सकारात्मक निर्णय हुआ और अब इस मामले को प्रदेश के चुनाव विभाग ने चुनाव आयोग को संस्तुति के लिए भेज दिया है। आयोग इस दुविधा को किस तरह से सुलझाता है, इसे देखना होगा। इस दौरान सोमवार को हिमाचल परिवहन मजदूर संघ अपनी आवाज को बुलंद करने जा रहा है। इसके प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर यहां मुख्य चुनाव अधिकारी से मिलेंगे। संघ के प्रतिनिधि अपनी मांग को बुलंद करते हुए मताधिकार मांगेंगे।  इनका प्रतिनिधिमंडल अपना ज्ञापन भी सौंपेगा। राज्य में साढ़े छह हजार से अधिक परिवहन कर्मचारी हैं, जिनमें अधिकांश ड्यूटी पर रहते हैं, क्योंकि पहले से परिवहन निगम में कर्मचारियों की कमी है, लिहाजा यहां पर बस सुविधा चालू रखने के लिए अधिकांश कर्मचारियों को ड्यूटी पर रखा जाता है। यही नहीं, चुनाव के लिए भी बड़ी संख्या में परिवहन निगम के कर्मचारी ड्यूटी पर रहते हैं, क्योंकि सरकारी बसों में ही पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाता है। ऐसे में कर्मचारी अपने मताधिकार से वंचित रह जाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App