कंवर अजय का इस्तीफा

By: May 26th, 2019 12:05 am

नाहन—लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के चलते हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व गत करीब 46 वर्षों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने वाले पूर्व विधायक कंवर अजय बहादुर सिंह ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक परिणाम न आने के चलते कंवर अजय बहादुर सिंह ने अपना त्याग पत्र हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को भेज दिया है। हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व निवर्तमान सरकार के कार्यकाल में हिमफेड के चेयरमैन रहे कंवर अजय बहादुर सिंह का अचानक लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी के उपाध्यक्ष पद से त्याग पत्र दिया जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। अजय बहादुर सिंह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। यही नहीं वह पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के बाएं हाथ माने जाते हैं। लोकसभा चुनाव की चुनावों की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया है। पूर्व विधायक अजय बहादुर ने कहा कि जिंदगी की आखिरी सांस तक पार्टी की सेवा करते रहेंगे। खास बात यह है कि पूर्व विधायक ने पार्टी अध्यक्ष कुलदीप राठौर को ई-मेल व व्हाट्स ऐप के माध्यम से इस्तीफा भेजा है। अजय बहादुर सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव में परिणाम बिलकुल विपरीत आए हैं तथा वह कांग्रेस पार्टी को अपने क्षेत्र से बढ़त नहीं दिला सके जिसके चलते वह उनकी यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अपने पद से तुरंत त्याग पत्र दे दें। गौर हो कि कंवर अजय बहादुर सिंह वर्ष 1973 से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। वह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश के मुखिया के अलावा युवा कांग्रेस के प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा सिविल सप्लाई, टुरिज्म व सरकार के विभिन्न विभागों में बतौर मनोनीत निदेशक रह चुके हैं। उनका राजनीति के साथ-साथ इतिहास व समाज सेवा में लंबा तजुर्बा रहा है। लिहाजा प्रदेश में लोकसभा चुनाव की चारों सीटों पर कांग्रेस को मिली हार के बाद यह कांग्रेस पार्टी में प्रदेश स्तर पर पहला इस्तीफा प्रदेश के उपाध्यक्ष कंवर अजय बहादुर का आने से प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गया है। इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कंवर अजय बहादुर सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के चलते वह अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपना इस्तीफा ई-मेल के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को भेज चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App