कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला

हमीरपुर में नकाबपोशों ने सेवादल जिलाध्यक्ष से की ंमारपीट

हमीरपुर – जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष सहित चार लोगों पर हमीरपुर में रात के समय  नकाबपोशों ने हमला कर दिया। इसमें सेवादल के अध्यक्ष के सिर पर चोट आई है, जबकि अन्य ने भाग कर जान बचाई। जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष ने पुलिस थाना हमीरपुर में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के बाद पुलिस अब घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को ऊना में आयोजित कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली से लौट रहे जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष व उनके तीन अन्य साथियों पर नादौन चौक हमीरपुर के पास ककुछ अज्ञात नकाबपोशों ने हमला कर दिया। हमले में सेवादल के अध्यक्ष के सिर पर चोट आई है, जबकि अन्य साथियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है। घायल ने पुलिस थाना सदर में इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं पुलिस भी मामले की छानबीन कर रही है।  जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष मदन लाल कौंडल ने कहा कि शुक्रवार को ऊना में आयोजित राहुल गांधी की रैली से लौटते समय रात करीब आठ बजे उनके ऊपर व उनके साथियों पर नादौन चौक के पास कुछ अज्ञात नकाबपोशों ने हमला कर दिया। हमले से पूर्व उन अज्ञात लोगों ने मदन लाल कौंडल से उनके हाथ में पकड़े हुए राहुल गांधी के पोस्टर के बारे में पूछा कि यह क्या है। इसके बाद जब कौंडल ने बताया कि वह कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष हैं और ऊना में आयोजित हुई रैली से वापस आकर पार्टी कार्यालय हमीरपुर की ओर जा रहे हैं तो उन नकाबपोश लोगों ने कौंडल पर हमला कर दिया। इस संबंध में डीएसपी हेडक्वार्टर हितेश लखनपाल का कहना है कि पीडि़त की शिकायत के आधार पर घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज जांची जा रही है। रात के समय का यह मामला है, पुलिस छानबीन कर रही है।