काउंटडाउन शुरू… पांच दिन शेष

By: May 14th, 2019 12:05 am

ऊना—हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनावों का काउंटडाउन शुरू हो गया है। आज से पांच दिन बाद सातवें व अंतिम चरण के चुनाव 19 मई को होंगे और लोकतंत्र के इस महापर्व में हिमाचल पूर्णाहुति डालेगा। दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा व कांग्रेस के स्टार प्रचारक हिमाचल में जनसभाएं करने पहंुच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश के जिलों में जनसभाएं कर चुके हैं। वहीं, दोनों प्रमुख दलों के नेता व कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में डटे हुए हैं। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर की हॉट सीट पर सभी की नजरें हैं। क्योंकि इस सीट पर भाजपा के युवा व तेजतर्रार नेता अनुराग ठाकुर जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं और इस बार पार्टी चौका लगाने का दावा कर रही है। कांगे्रस के पास इनका कोई तोड़ नहीं है। 2014 के चुनावों में सुजानपुर से राजिंद्र राणा को कांग्रेस ने अनुराग के खिलाफ मैदान में उतारा था, लेकिन वह जीत नहीं सके। तब अनुराग ठाकुर को ऊना जिला से 20 हजार से अधिक की लीड मिली थी। अगर हरोली विधानसभा क्षेत्र को छोड़ दिया जाए तो जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से अनुराग ठाकुर को बढ़त मिली है। विगत लोस चुनावों में ऊना जिला से अनुराग ठाकुर को 1,34,626 वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी राजिंद्र राणा को 1,14,303 मत पड़े थे और 2255 नागरिकों ने नोटा का बटन दबाया था। दोनों दलों से दिग्गज नेता सतपाल सत्ती व मुकेश अग्निहोत्री ऊना जिला से संबंधित हैं। सतपाल सत्ती के हाथ प्रदेश भाजपा की कमान है तो हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री नेता प्रतिपक्ष हैं। इसके अलावा कुटलैहड़ से वीरेंद्र कंवर मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री हैं। इसलिए तापमान के साथ-साथ जिला में चुनावी गरमाहत भी बढ़ रही है। 2014 के लोकसभा चुनावों में पूर्व कांग्रेस सरकार में उद्योग मंत्री रहते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने मोदी लहर के बावजूद हरोली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा को 6960 मतों की बढ़त दिलाई थी। तब ऊना जिला के केवल हरोली विधानसभा क्षेत्र से ही कांग्रेस प्रत्याशी राजिंद्र राणा को लीड मिली थी। जबकि सतपाल सत्ती ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को अपने विधानसभा क्षेत्र ऊना सदर से रिकार्ड तोड़ 11,415 की लीड दिलाई। जबकि कुटलैहड़ क्षेत्र से अनुराग ठाकुर को 6597, गगरेट विधानसभा क्षेत्र से 5667 तथा चिंतपूर्णी विस क्षेत्र से अनुराग ठाकुर 3603 मतों से जीत मिली थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App