कुल्लू में राजनाथ सिंह का सवाल, कांग्रेस ने कितनी दूर की गरीबी?

By: May 16th, 2019 2:05 pm

कुल्लू। 55 साल देश पर राज करने वाली कांग्रेस भारत की सेवा करने में नाकाम साबित हुई है, जबकि भाजपा के दो प्रधानमंत्रियों ने देश के विकास में ऐसा करिश्मा कर दिखाया है कि उसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही। कांग्रेस केवल झूठ बोलकर राजनीति करना चाहती है। ये शब्द गुरुवार को भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कुल्लू के रथ मैदान में जनता को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलते हैं और प्रधानमंत्री के खिलाफ गाली-गलौज करते हैं। राहुल कहते हैं कि अगर मैं आऊंगा और हमारी सरकार बन जाएगी, तो राष्ट्रद्रोह कानून समाप्त कर दूंगा। उन्होंने कहा जाहिर है, ऐसे लोगों को माफ नहीं किया जाएगा। हम ऐसा कानून बनाएंगे कि राष्ट्रद्रोह करने वालों का कलेजा कांप उठे। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू पहले प्रधानमंत्री रहे हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं। इसी प्रकार इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी भारत के प्रधानमंत्री रह चुके हैं, लेकिन कितनी गरीब दूर हुई है। दूसरी ओर वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबी दूर कर रहे हैं और अगले पांच से आठ वर्षों के बीच भारत को गरीबी से पूर्णतया मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं यहां भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा के लिए ही वोट मांगने नहीं आया, बल्कि देश को आगे बढ़ाने के लिए आपका समर्थन मांगने आया हूं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App