कोशिश ‘एक आशा’ बनी सबसे बड़ी उम्मीद

By: May 27th, 2019 12:10 am

रामपुर बुशहर—दिव्यांगों के लिए कार्यरत संस्था कोशिश एक आशा द्वारा रामपुर में अपना छठा स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया। नरसिंह मंदिर स्थित संस्था के स्कूल परिसर में आयोजित हुए इस समारोह के दौरान दिव्यांग बच्चों के लिए संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें रामपुर व निरमंड के दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह का शुभारंभ तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने दीप जलाकर किया। उनके साथ ब्लाइंड पर्सन एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल वर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कोशिश एक आशा संस्था की अध्यक्षा स्वाति बंसल व सचिव विक्त्रांत बिष्ट ने संस्था की तरफ से सभी का स्वागत किया और संस्था की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। समारोह को संबोधित करते हुए तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने प्रशासन की ओर से दिव्यांगों के सहयोग के लिए हर संभव मदद करने की बात कही। इस दौरान आयोजित किये गए रंगारंग कार्यक्रम की शुरूआत कोशिश एक आशा संस्था के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर किया। इसके बाद विभिन्न  प्रकार के योगासन व ग्रुप डांस की प्रस्तुति दी गई। जिसे दर्शक दीर्घा मंे खूब सराहा गया। वहीं बच्चों ने एक लघु नाटिका के माध्यम से दिव्यांगों के प्रति समाज के दृष्टिकोण को दिखाया। बीपीए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल वर्मा ने राइट्स ऑफ पर्सन विद डिसेबिलिटी एक्ट के बारे में जानकारी दी और इसे लागू करवाने के लिए लड़ाई जारी रखने की बात की कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्यातिथि और मुख्य वक्ता रामपुर आरएसएस के विभाग प्रचारक प्रताप सिंह सम्याल ने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार बांटे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगों की हर संभव मदद करना सभी का नैतिक कर्त्तव्य है और नर सेवा ही नारायण सेवा है इसमें सभी को आगे आने की जरूरत है। समारोह के दौरान आयोजित हुई संगीत प्रतियोगिता में दिव्या नेगी प्रथम स्थान पर रही। वहीं राजीव कुमार द्वितीय और शलव्य वीनू तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर बीपीए पंजाब के अध्यक्ष कुलदीप सिंह, हिमाचल के अध्यक्ष शोभाराम, तहसील कल्याण अधिकारी आनी देवेंद्र  कुमार, जिला विकलांग संघ के अध्यक्ष रतनदास कश्यप, सत्यनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बसंत लाल गागल, सुशील बॉर्बी, रजनी कपूर, भूपेंद्र, राजू, नीलम के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति और दिव्यांग बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App