कौन होगा अगला सांसद, फैसले की घड़ी
शिमला—शिमला संसदीय क्षेत्र का 20वां सांसद कौन होगा, इसका फैसला कल यानी 23 मई को होगा। कांग्रेस और भाजपा में से कोई एक नेता ही जीत कर शिमला संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेगा। गत 19 मई को हुए मतदान के बाद कांग्रेस और भाजपा सहित 17 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हुआ, जो गुरुवार को खुलेगा। उस दिन यह तय होगा कि शिमला संसदीय क्षेत्र से हमारा सांसद कौन होगा? हालांकि इस बार यह चुनाव 17वीं लोकसभा के लिए हो रहे हैं, लेकिन शिमला संसदीय सीट पर 20वां चुनाव हो रहे हैं। कारण यह है कि बीच में यहां उप चुनाव की नौबत भी आई थी। अब तक शिमला संसदीय क्षेत्र में जिला सोलन के नेता को ही अधिक बार संसद जाने का मौका मिला था। शिमला संसदीय क्षेत्र में वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति पर गौर करें तो कांग्रेस और भाजपा बराबरी पर हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के पास आठ-आठ सीटें और एक सीट माकपा के पास है। यानी शिमला, सोलन और सिरमौर जिले के 17 विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में यह हालात है। हालांकि भाजपा ने इस बार जिला सिरमौर के नेता पर दांव खेल दिया है। यहां के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सुरेश कश्यप प्रत्याशी हैं। वह इससे पहले लगातार दो बार विधानसभा का चुनाव जीत कर आए हैं। विधानसभा चुनाव में जिला सिरमौर के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से तीन भाजपा और दो सीटें कांग्रेस के पास हैं। इसी तरह से जिला सोलन की पांच विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के पास तीन और भाजपा के पास दो सीटें हैं। इसी तरह से शिमला जिला में तीन सीटें भाजपा, तीन ही सीटें कांग्रेस के पास हैं, जबकि एक सीट माकपा की झोली में है। पुराने रिकार्ड पर गौर करें तो शिमला संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा बराबरी पर हैं।
शिमला सीट पर कब कौन रहे सांसद
वर्ष सांसद दल
1952 टेकचंद कांग्रेस
1957 एसएन रमौल कांग्रेस
1957 वाईएस परमार कांग्रेस
1957 नेकराम नेगी कांग्रेस
1962 वीरभद्र सिंह कांग्रेस
1967 वीरभद्र सिंह कांग्रेस
1967 प्रताप सिंह कांग्रेस
1971 प्रताप सिंह कांग्रेस
1977 बालकराम लोकदल
1980 केडी सुल्तानपुरी कांग्रेस
1984 केडी सुल्तानपुरी कांग्रेस
1989 केडी सुल्तानपुरी कांग्रेस
1991 केडी सुल्तानपुरी कांग्रेस
1996 केडी सुल्तानपुरी कांग्रेस
1998 केडी सुल्तानपुरी कांग्रेस
1999 धनीराम शांडिल हिविकां
2004 धनीराम शांडिल कांग्रेस
2009 वीरेंद्र कश्यप भाजपा
2014 वीरेंद्र कश्यप भाजपा
2019 ?? ??
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App