ख्वाब में पीएम बनने का मजा ले रहे राहुल

By: May 8th, 2019 12:14 am

कांग्रेस के न्याय पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का वार

शिमला -मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मुंह से अब होगा न्याय का नारा सुनकर ऐसा लगता है जैसे नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। कांग्रेस को 70 साल तक जनता से अन्याय करने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। भ्रष्टाचार में डूबी नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक की कांग्रेस सरकारों ने देश की आम जनता की कमर इस तरह तोड़ कर रख दी थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता को न्याय देने के लिए अभियान चलाना पड़ा। पिछले पांच वर्षों में मोदी सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को लकड़ी के धुएं से आजादी दिलाई, गरीब जनता को पांच लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त कराया और किसानों को 6000 रुपए की सम्मान राशि देने की शुरुआत की। इससे पीडि़त जनता को न्याय दिलाने की भी शुरुआत हुई। जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी सिर्फ  ख्वाब में प्रधानमंत्री बनने का मजा ले सकते हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि न्याय दिलाने का नारा देकर कांग्रेस आम चुनावों में जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। कांग्रेस 1947 से देश पर निरंकुश शासन करती रही, जिसमें आम जनता को जातिए भाषा और मजहब में बांट कर वोट हासिल किए जाते थे।2014 में कांग्रेस की अन्याय से मिली मुक्ती ः मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार को 2014 में जनता को कांग्रेस की अन्याय और दमनकारी नीतियों से मुक्ति दिलाने के लिए जनादेश मिला था। उन्होंने जनता की तकलीफों को समझ कर पूरी ईमानदारी से नई नीतियां बनाई और उन्हें लागू करना शुरू किया, ताकि 1947 से कांग्रेस के अन्याय का शिकार हो रही जनता को न्याय मिल सके। ग्रामीण क्षेत्रों की करोड़ों माताओं-बहनों को चूल्हे के धुएं से आजादी दिलाने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू करके रसोई गैस के कनेक्शन दिए गए। गरीब परिवारों को आयुष्मान योजना के माध्यम से पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया। किसान सम्मान निधि शुरू करके गरीब किसानों को के खाते में तीन किश्तों में छह हजार रुपए डालने की शुरुआत की गई। मनरेगा के तहत दिहाड़ी सौ दिनों से बढ़ाकर 120 दिन की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App