गगरेट में जश्न के लिए पांच क्विंटल लड्डू बुक

By: May 23rd, 2019 12:01 am

भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया ऑर्डर, परिणाम से पहले ही जीत का दावा

गगरेट – लोकसभा चुनावों के परिणाम की तारीख आते ही राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत का दावा करते हुए जश्न मनाने के इंतजाम पूरे कर लिए हैं। हालांकि एग्जिट पोल में भाजपा को दर्शाई गई भारी बढ़त से भाजपा कार्यकर्ता इतने उत्साहित हैं कि कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी मनाने के लिए एडवांस में ही एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाने के लिए हलवाइयों को लड्डूओं का ऑर्डर भी दे दिया है। गगरेट कस्बे में भी गणेश स्वीट शॉप पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आर्डर पर पांच क्विंटल लड्डू तैयार करवा लिए हैं, ताकि लोकसभा चुनावों के परिणाम अगर भाजपा के पक्ष में आए तो उन्हें लड्डूओं के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर की जीत सुनिश्चित करने के लिए खूब पसीना बहाने के बाद जब एग्जिट पोल सामने आए तो ही भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे खिल उठे। भाजपा कार्यकर्ता एग्जिट पोल को स्टीक मान रहे हैं और इसी के अनुरूप परिणाम आने को लेकर इतने आशातीत हैं कि उन्होंने जीत का जश्न मनाने के लिए पांच क्विंटल लड्डू बनवा लिए हैं। अगर भाजपा की जीत हुई तो 23 मई को ही दिवाली मनाने के लिए आतिशबाजी का भी इंतजाम कर लिया गया है। हालांकि इसके विपरीत कांग्रेसी कार्यकर्ता एग्जिट पोल को बिलकुल उलट मान रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक जीत का जश्न मनाने के लिए परिणाम से पूर्व कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया है। कांग्रेस सोशल मीडिया सैल के संयोजक अनिल डढवाल का कहना है कि इससे पहले भी कई बार एग्जिट पोल फेल हुए हैं और जो भाजपा कार्यकर्ता अति उत्साह में हैं, उनका उत्साह गुरुवार को धरा का धरा रह जाएगा। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता शिव दयाल का कहना है कि जिस प्रकार विपक्षी पार्टियां चुनाव परिणाम से पहले ही ईवीएम के माथे पर दोष मढ़ने लगी हैं। उससे साफ है कि विपक्ष को अपनी हार निश्चित दिख रही है। इसलिए ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाने का इंतजाम पूरा कर लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App