गर्मी…ऊना का पारा 41 के पार

By: May 29th, 2019 12:05 am

ऊना—ऊना जिला में तपती गर्मी से लोगों को राहत मिलती नही दिख रही है। गर्म हवाओं व तेज धूप की मार ने लोगों के साथ-साथ जीव-जंतु व पशु पक्षियों का भी जीना बेहाल कर दिया है। मंगलवार को जिला का तापमान 41 डिग्री के पार पहंुच गया। सूरज की तेज तपिश से लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक व राहगीर धूप में निकलते समय कपड़े के साथ सिर व मुंह ढक कर निकल रहे हैं। मंगलवार को जिला का तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जिला में बढ़ते पारे ने लोगों के कामकाज को भी काफी प्रभावित किया है। लोग 11 बजे के बाद घरों में बंद हो रहे हैं और सभी कामकाज छोड़कर आराम कर रहे हैं। किसी बहुत ही जरूरी काम के लिए जिलावासी घर से निकल रहे हैं। वहीं, गर्मी से बचाव के लिए लोग नींबू पानी, लस्सी, कोल्ड ड्रिंक्स, गन्ने का रस सहित अन्य शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं। गर्म हवाओं ने दोपहिया वाहनों पर ब्रेक ही लगा दी है। दोपहर के समय वाहन चालक दोपहिया वाहन छोड़ कर अपनी गाड़ी या फिर बसों में ही दूरदराज के क्षेत्रों का सफर कर रहे हैं। जिला मौसम अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को जिला का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App