गुरुग्राम में बनेगा लेडीज स्पेशल पार्क

By: May 1st, 2019 12:01 am

गुरुग्राम-गुरुग्राम के सेक्टर 10ए में ऐसा पार्क बनने जा रहा है, जहां पुरुषों की एंट्री बैन होगी। यहां महिलाएं खुलकर झूला, जिम, वॉकिंग ट्रैक के अलावा म्यूजिक सिस्टम का आनंद उठा सकेंगी। सुरक्षा के लिहाज से यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

 नगर निगम ने इस पार्क को दो महीने में बनाने का टारगेट रखा है। चुनाव की घोषणा से पहले टेंडर जारी किया जा चुका है। लगभग 10 लाख रुपए के बजट में करीब 24 सीसीटीवी कैमरे, लगभग छह म्यूजिक सिस्टम लगाए जाएंगे। यहां पर सुबह-शाम म्यूजिक बजेगा। वॉक के लिए कच्चा ट्रैक बनाया जा रहा है। इसके अलावा जिम लगा दिया गया है और इसमें झूले अभी लगने बाकी हैं।

 चारों ओर पेड़ पहले से हैं, इसके अलावा फूल वाले पौधे लगाए जा रहे हैं। यहां फेसिंग भी की जा रही है। इस पार्क में एंट्री गेट के पहले एक बोर्ड लगा है, जहां लिखा है- केवल महिलाएं। यहां रोज 20 से 25 महिलाएं आती हैं।

 इस पार्क को लेकर अभी लोगों में जानकारी का अभाव है, इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। सुबह 5 बजे से 9 बजे और शाम को भी 5 से 9 बजे तक यह पार्क खुलेगा। नगर निगम पार्षद एवं आरडब्ल्यूए सेक्टर-10ए के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि इसी एरिया में राव तुलाराम पार्क में मार्च, 2018 में एक महिला के साथ किसी युवक ने वॉकिंग ट्रैक पर चलते हुए मिसबिहेव किया था। इसके बाद यह आइडिया सामने आया।

 एकत्रित होकर मना सकेंगी धार्मिक त्योहार

एक एकड़ के इस पार्क में कई जगह पक्के स्पेस भी छोड़े जाएंगे, जहां महिलाओं से संबंधित छोटे त्योहारों पर 40 से 50 महिलाएं मिलकर सेलिब्रेट कर सकें। मेहंदी, तीज आदि त्योहारों पर यहां एकत्र होकर कार्यक्रम कर सकें।

 विभाग के बोल

दो महीने में यह पार्क बनकर तैयार हो जाएगा। इस प्लान पर नगर निगम ने काम शुरू कर दिया है। शहर में महिलाओं के लिए यह पहला पार्क है। यहां पर सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं।

अजय निराला

ईएक्सईएन, हॉर्टिकल्चर विंग, नगर निगम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App