चांद पर महिला और पुरुष को साथ भेजने की तैयारी में नासा

By: May 15th, 2019 12:02 am

वाशिंगटन -अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा वर्ष 2024 तक चंद्रमा पर एक पुरुष और एक महिला को भेजने की योजना पर काम कर रही है, जिसके लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वित्तीय वर्ष 2020 के लिए 1.6 अरब डालर की फंड को मंजूरी दे दी है। नासा के प्रशासक जिम ब्रिडेनस्टाइन ने एक वीडियो संदेश जारी कर यह जानकारी दी।  ट्रंप ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर 2024 तक एक पुरुष और पहली महिला को भेजने की हमारी योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। अब राष्ट्रपति ने हमारे कार्यों पर विश्वास जताते हुए वित्तीय वर्ष 2020 के तहत इस योजना के लिए 1.6 अरब डालर की अतिरिक्त फंड को मंजूरी प्रदान कर दी है। नासा के प्रशासक ने कहा कि इस फंडिंग से अंतरिक्ष प्रक्षेपण प्रणाली और मानव चंद्र लैंडिंग प्रणाली के विकास को बल मिलेगा। इससे चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्रों का रोबोट के जरिए अन्वेषण करने जैसी क्षमताओं के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

सिकुड़ रहा चंद्रमा

नासा ने करीब 12 हजार तस्वीरों का अध्ययन करने के बाद खुलासा किया है कि पृथ्वी का एकमात्र उपग्रह चंद्रमा लगातार सिकुड़ता जा रहा है। इससे उसकी सतह पर किसी इनसानी चेहरे की तरह झुर्रियां पड़ती जा रही हैं। नासा ने अपने लूनर रीकॉनिसेंस ऑर्बिटर से ली गई तस्वीरों के अध्ययन के बाद यह जानकारी  प्रकाशित रिपोर्ट में दी है। 12,000 से अधिक तस्वीरों के विश्लेषण के बाद नासा ने पाया कि चंद्रमा के उत्तरी ध्रुव के पास चंद्र बेसिन मारे फ्रिगोरिस में दरार बन रही है, जो अपनी जगह से खिसक भी रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App