चारों सीटों पर भाजपा लहराएगी परचम

By: May 1st, 2019 12:10 am

नौहराधार—जिला सिरमौर के रेणुका विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक जनसभा को संबोधित किया। करीब अढ़ाई बजे मुख्यमंत्री का चौपर गेलियों नौहराधार हेलिपैड में उतरा। जनसभा में पहुंचने पर इस मौके पर सिरमौरी वाद्य यंत्रों से लोगों ने जोरदार स्वागत किया। गौरतलब है कि 1998 में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष थे तो उन्होंने इसी स्थल पर पार्टी बैठक की थी आज मुख्यमंत्री बनकर इसी स्थल पर जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जब मैं प्रदेश अध्यक्ष हुआ करता था तो कहते थे कि नए आदमी को कमान दे दी। आज जब मुख्यमंत्री हूं तो विपक्ष कहता है कि नए मुख्यमंत्री हैं प्रशासन पर पकड़ नहीं है। चलो सब ठीक है मैं नया ही ठीक हूं। उन्होंने अपने बीते दिनों को याद किया कि हमने सारे काम किए हैं चाहे खेतों के काम हों या चाहे कोई अन्य काम हों। उन्होंने कहा कि खेतों में हल खुद चलाया है, घराट से कनक पीठ पर उठाया है। हम कई परिस्थितियों से गुजरे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार की विकासात्मक योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि देश को आज ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं जिन्हें निर्णय लेने की क्षमता है। ऐसे प्रधानमंत्री भारत को कभी नहीं मिले हैं। इसलिए संकल्प लेना है कि भाजपा प्रत्याशी को ज्यादा से ज्यादा वोट देकर सफल बनाना है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अनाप-शनाप बयान करते हैं। वह बुजुर्ग हैं इसलिए मैं उनके बारे में ज्यादा नहीं कहूंगा, क्योंकि इनके पास ओर कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरा देश बच्चे बच्चे के जुबां पर मोदी मोदी है। हिमाचल की जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। अभी तक चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद वह 37 विस क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं, जहां चुनाव क्षेत्रों में भारी जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता एक बार फिर से मोदी की सरकार देखना चाहती है।  इस जनसभा में दर्जनों कांग्रेसी परिवारों ने भाजपा का दामन थामा। इस मौके पर सहकारी बैंक के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, पूर्व अनुसूचित उपाध्यक्ष बलबीर सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष प्रताप सिंह तोमर, सही राम चौहान, बलबीर सिंह ठाकुर, महामंत्री दिनेश चौहान, रविंद्र चौहान, धर्मपाल सूर्या, भाजयुमो अध्यक्ष रेणुका विजेंद्र शर्मा, कमलराज वर्मा, पदम ठाकुर आदि सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App