चुनावों में भाजपा प्रत्याशी तोड़ेंगे जीत के रिकार्ड

By: May 17th, 2019 12:10 am

चंबा—प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा को- आपरेटिव बैंक के चेयरमैन राजीव भारद्वाज ने कहा है कि कांग्रेस चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही अपनी संभावित हार को भांप चुकी है। उन्होंने कहा कि अब विरोधी दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बुराई करने के साथ- साथ ईवीएम को भी कोसना शुरू कर दिया है। विरोधी दल इस बार चुनाव परिणाम से पहले ही ईवीएम को हार का आधार बनाने में जुट गए हैं। वह गुरुवार को चंबा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में छह चरणों में चुनाव संपन्न हो चुके हैं। रूझानों के मुताबिक देश में एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ही मोर्चा संभालते हुए नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार न केवल भाजपा चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी बल्कि भाजपा प्रत्याशी पिछले सभी रिकार्ड तोड़ेंगे। डा. भारद्वाज ने कहा कि भाजपा गरीबों के प्रति समर्पित सरकार है। भाजपा राज में देश विकास की राह पर अग्रसर हुआ है। इस बार लोकसभा चुनाव में भी भाजपा विकास के दम पर ही चुनाव लड़ रही है और जनता का भी भरपूर साथ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार और महंगाई मुख्य चुनावी मुद्दे रहे थे, लेकिन भाजपा के कार्यकाल में न केवल महंगाई कम हुई अपितु देश को भ्रष्टाचार मुक्त भी बनाया गया है। देश की सुरक्षा के साथ भाजपा ने किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया है। भाजपा ने चुनाव से पूर्व किए वादों को अमलीजामा पहनाया है। उन्होंने प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि सवा साल के कार्यकाल में जयराम ठाकुर की अगवाई में भाजपा ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। इस मौके पर चंबा सदर विधायक पवन नैयर, महामंत्री जय सिंह व मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App