चुनाव में 47 सुरक्षा कंपनियां संभालेंगी मोर्चा

हिमाचल के 99 बैरियर सील, सीमा पर हर हरकत पर नजर रखने को 198 सीसीटीवी कैमरे स्थापित

शिमला – प्रदेश में 19 मई को होने वाली वोटिंग के लिए देश की 47 सुरक्षा कंपनियां ड्यूटी संभालेंगी। सभी कंपनियां हिमाचल पहुंच चुकी हैं। एसपी लॉ एंड आर्डर डा. खुशहाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश पुलिस के विभिन्न रैंकों के 10 हजार 915 पुलिस कर्मचारी भी चुनाव ड्यूटी हेतु तैनात किए गए हैं। गृह मंत्रालय द्वारा प्रदेश की भारतीय रिजर्व बटालियनों की नौ कंपनियां चुनाव ड्यूटी हेतु राज्य के बाहर तैनात की गई हैं। पुलिस कर्मचारियों के अलावा होमगार्ड्स के 9200 स्वय ंसेवकों को भी चुनाव संबंधी ड्यूटी के लिए तैनात किया गया है। इनमें से 5600 जवान हिमाचल के हैं, जबकि 2300 हरियाणा व 1300 उत्तराखंड के। पोेलिंग बूथ के अतिरिक्त मोबाइल ड्यूटी के लिए 12 जिलाधीशों, 13 जिला पुलिस अधीक्षकों, 32 अतिरिक्त जिला मजिस्टे्रट्स, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, 121 एसडीएम, उपमंडल पुलिस अधिकारियों व 119 थाना प्रबंधकों के साथ पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक थाना में केंद्रीय पुलिस बलों व राज्य पुलिस के जवानों को ड्यूटी के लिए तैनात किया गया है। प्रदेश की सीमा पर 99 बैरियरों व टोल बैरियर्स को सील कर दिया गया है। इसके अलावा 18 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।

मतगणना के लिए 46 सेक्टर

23 मई को होने वाली मतगणना के लिए प्रदेश पुलिस ने 46 सेक्टर चयनित कर दिए हैं। प्रदेश के 119 पुलिस थानों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, राज्य सशस्त्र पुलिस बल की एक-एक सेक्शन भी तैनात की गई है, ताकि थाना प्रभारी जिन्हें कानून एंव व्यवस्था बनाए रखने हेतु नोडल अधिकारी बनाया गया है। 

मतदान पर ऐसी रहेगी नजर

मतदान के लिए प्रदेश में कुल 207 फ्लाइंग स्क्वायड बनाए गए हैं, 207 स्टेटिक सर्विलांस टीमें, 77 सहायक एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर, 134 वीडियो सर्विलांस टीमें, 70 वीडियो व्यूइंग टीमें, 72 अकाउंटिंग टीमें गठित की गई हैं। इनके अलावा आयोग ने नौ सामान्य पर्यवेक्षक, पांच व्यय पर्यवेक्षक तथा दो पुलिस पर्यवेक्षक लगाए हैं।

25 आईएएस काउंटिंग आब्जर्वर

लोकसभा चुनावों के लिए इस बार हिमाचल काडर के 25 आईएएस अफसरों को बाहरी राज्यों में काउंटिंग ऑब्जवर नियुक्त किए गए हैं, जबकि 50 हिमाचल प्रशासनिक सेवा अधिकारी भी शामिल हैं। केंद्रीय चुनाव आयोग से जारी अधिसूचना के बाद प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग ने गुरुवार को अधिसूचना भी जारी कर दी। ऐसे में प्रदेश सचिवालय में आगामी 23 मई तक सचिवालय में अधिकांश अफसर दिखाई नहीं देंगे। इन अफसरों की डयूटी गुजरात, उडीसा, आंध्र प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश और गोवा के लिए ड्यूटी लगा दी गई है। आईएएस अधिकारियों में अक्षय सूद, मधु बाला शर्मा, प्रियंका वसु, देवा सेन नेगी, राजीव शर्मा, संजीव भटनागर, राखिल काहलों, देव दत्त शर्मा, जेएम पठानिया, पूर्णिमा चौहान, अजय कुमार शर्मा, राजेश शर्मा, गोपाल शर्मा, एसएस गुंलेरिया, अभिषेक जैन, सुदेश कुमार मोकटा, संदीप भटनागर, संदीप कदम वसंत, सी पाल रासू, नरेश कुमार लट्ठ, चंद्र प्रकाश वर्मा, दोर्जे छेरिंज नेगी, कल्याण चंद चमन शामिल हैं। इसके अलावा 50 एचएएस अधिकारियों की ड्यूटी भी विभिन्न राज्यों में लगा दी गई है।