छठे चरण का प्रचार थमा, मतदान कल

By: May 11th, 2019 12:02 am

नई दिल्ली – सात राज्यों में लोकसभा की 59 सीटों पर 12 मई को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम समाप्त हो गया। इस चरण में चार मुख्यमंत्री और कुछ केंद्रीय मंत्रियों समेत कई दिग्गज अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट से दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भोपाल सीट से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा सोनीपत सीट से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा कांग्रेस के टिकट पर और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस चरण के स्टार प्रचारकों में प्रमुख रहीं। उन्होंने रैलियों और रोड-शो के माध्यम से मतदाताओं को अपने पक्ष में लुभाने का भरपूर प्रयास किया। राजनीतिक तथा निजी आरोप-प्रत्यारोप भी खूब लगाए गए। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से, डा. हर्षवर्द्धन दिल्ली के चांदनी चौक से, राधा मोहन सिंह बिहार के पूर्वी चंपारण से, नरेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश के मुरैना और राव इंद्रजीत सिंह हरियाणा के गुड़गांव सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान हैं। छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार, मध्य प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, दिल्ली की सभी सात और झारखंड की चार सीटों पर मत डाले जाने हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App