छठे चरण में 63 फीसदी मतदान

By: May 13th, 2019 12:03 am

बिहार-बंगाल में भाजपा प्रत्याशियों पर हमला, दिल्ली में 58.01 प्रतिशत वोटिंग

नई दिल्ली -लोकसभा चुनाव-2019 के छठे चरण में रविवार को सात राज्यों की 59 सीटों पर 63 फीसदी मतदान हुआ। इन सीटों पर 2014 में 63.7 फीसदी वोट पड़े थे। बंगाल में लगातार छठे चरण में भी हिंसा हुई। इसके बावजूद यहां सबसे ज्यादा 80.16 फीसदी मतदान हुआ। झारखंड में 64 फीसदी, मध्य प्रदेश में 62 फीसदी, राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 58.01 फीसदी और हरियाणा में 65.48 फीसदी वोट डाले गए। बिहार की पश्चिम चंपारण सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय जायसवाल पर नरकटिया स्थित बूथ पर भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला कर ंदिया। निजी सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायरिंग कर संजय को बचाया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी हुई। पश्चिम बंगाल में 6वें चरण में भी जमकर हिंसा हुई। यहां के घाटल से भाजपा प्रत्याशी पूर्व आईपीएस अफसर भारती घोष के काफिले पर दो बार हमला किया गया। उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। केशपुर मतदान केंद्र के बाहर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। हमलावरों से बचने के लिए उन्होंने मंदिर में शरण ली। यहां से वह मंदिर की दीवार फांदकर पुलिस स्टेशन पहुंचीं। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। चुनाव आयोग ने इस मामले में जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। बंगाल में झारग्राम के गोपीबल्लभपुर में भाजपा कार्यकर्ता का शव मिला है। पार्टी ने तृणमूल पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पूर्व मिदनापुर के भगवानपुर में भी भाजपा के दो कार्यकर्ताओं अनंता गुचैत और रंजीत मैती को गोली मार दी गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। बिहार के शिवहर स्थित एक बूथ पर होमगार्ड जवान से गलती से गोली चल गई, जिससे पोलिंग बूथ पर तैनात एक कर्मचारी की मौत हो गई। उधर, मध्य प्रदेश के भिंड में जैतपुरागुढ़ा गांव में बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की गई। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिसकर्मियों पर पीटने का आरोप है। छठे चरण के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन कॉम्प्लेक्स में स्थित बूथ पर वोट डाला। वहीं, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली में मतदान किया। इनके अलावा राहुल गांधी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित, विराट कोहली, भोपाल से भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर, गौतम गंभीर ने भी अपने-अपने बूथों पर वोट डाले। दिल्ली के कई इलाकों में ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत मिली। दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चांदनी चौक और पश्चिमी दिल्ली में ईवीएम में शिकायत के बाद 5.5 प्रतिशत मशीनें बदल दी गई थीं। दक्षिण दिल्ली से आप प्रत्याशी राघव चड्डा ने आरोप लगाया कि संगम बिहार में एक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता चार-चार बार वोट डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने ऐसे 8-10 लोगों की पहचान की है। एक को रंगे हाथों भी पकड़ा। भाजपा के रमेश विधूड़ी बुरी तरह से हार रहे हैं, इसलिए ऐसे काम कर रहे हैं। इस चरण में 979 प्रत्याशी मैदान में थे। 2014 में भाजपा इन 59 सीटों में से 45 पर जीती थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App