जयराम ने आश्रय के परिवार पर कसा तंज

By: May 16th, 2019 12:02 am

आनी की जनसभा में कहा, नहीं चलेगी आया राम गया राम की राजनीति, रामस्वरूप शर्मा को वोट मांगे

आनी -प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर मंडी संसदीय  सीट से पार्टी प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने आनी पहुंचे। सीएम के आनी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका ढोल नगाड़ों की थाप पर, जयश्रीराम के नारों के साथ, फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। जयराम ठाकुर के भाषण को सुनने के लिए आनी में पार्टी कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस  मौके पर सीएम ने आनी के राजा रघुवीर सिंह मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह अब तक तीन बार आनी आए हैं और आगे भी  बार-बार आएंगे। बशर्ते आनी की जनता को इस बार के लोकसभा चुनावों में मंडी संसदीय सीट से भाजपा के पुनः सशक्त, अनुभवी व साधारण प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा को 11 हजार मतों की लीड के साथ जिताना है। मुख्यमंत्री जयराम  ठाकुर ने इस मौके पर निवर्तमान केंद्र सरकार व प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष गिनाया, और कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण महिलाओं के स्वाभिमान के लिए उज्ज्वला योजना, गृहिणी सुविधा योजना, को शुरू कर लाखों महिलाओं को सुविधा प्रदान की है, जबकि देश के 22 लाख लोगों को आयुष्मान भारत तथा प्रदेश की 50 लाख आबादी को हिम केयर योजना के तहत पांच लाख के मुफ्त इलाज की सुविधा से जोड़ा है। वहीं प्रदेश के किसान जिनकी 25 बीघा से कम भूमि है, उन्हें मोदी जी की स्वावलंबन योजना से वर्ष में छह हजार रुपए की राशि बैंक खाते के माध्यम प्रदान की जा रही है। सीएम ने जनसभा में कांग्रेस के प्रत्याशी आश्रय शर्मा और उनके परिवार पर खूब तंज कसे और कहा कि देश व प्रदेश में परिवारवाद तथा आया राम व गया राम की राजनीति नहीं चलेगी। जनता अब जागरूक है। जो भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित है। जनसभा को इससे पूर्व आनी के विधायक किशोरीलाल सागर तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर ने भी संबोधित किया।

 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App