झूठ की राजनीति कर रही कांग्रेस

By: May 1st, 2019 12:05 am

मंडी, धर्मपुर—हमीरपुर संसदीय सीट से भाजपा सांसद एवं प्रत्याशी अनुराग ठाकुर का कहना वोट हासिल करने के लिए कांग्रेस का जिन्ना प्रेम जाग गया है। जिस शख्स के कारण देश टुकड़ों में बंट गया, उस शख्स को कांग्रेसी अपना नेता बताकर समुदाय विशेष के वोट हासिल करने की सोच रहे हैं। मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान अनुराग ठाकुर ने संधोल में लोगों को संबोधित करते हुए ये आरोप लगाया है। मंगलवार को सांसद अनुराग ठाकुर ने यहां दर्जन भर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और जनता से समर्थन मांगा। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश भाजयुमो महामंत्री रजत ठाकुर व अन्य नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न जगहों पर लोगों को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता धर्म और जाति पर आधारित राजनीति करके लोगों को बांटने का काम कर रहे हैं। यहां तक कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जाति भी पूछी जा रही है। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी देश और विदेश के नेताओं के नातों का इस्तेमाल करके झूठ बोलने की कोशिश कर रहे हैं और जब उनके झूठ का पर्दाफाश हो रहा है, तो फिर वह माफी मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे इस बात का पता चलता है कि कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App