डोली की जगह उठी अर्थी, युवती की मौत से ज्यालंग गांव  में मातम

कुनिहार—विकास खंड कुनिहार के तहत खरड़हट्टी पंचायत के गांव ज्यालंग मातम छा गया। यहां एक लड़की की डोली के स्थान पर अर्थी उठानी पड़ी। बताया जा रहा है कि गांव की 31 वर्षीय मीरा की शादी 12-13 मई 2019 को तय हुई व घर वाले पिछले कई दिनों से शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। लेकिन शादी से ठीक दो दिन पहले लड़की को उल्टी दस्त की शिकायत हुई व परिजन उसे सिविल हॉस्पिटल कुनिहार लेकर आए। सिविल हॉस्पिटल कुनिहार में चिकित्सकों ने उक्त लड़की को उपचार देकर घर वापिस भेज दिया। रात्रि दस बजे के करीब लड़की तबियत एक बार फिर बिगड़ गई व परिजन रात्री 11 बजे के करीब एक बार फिर सिविल हॉस्पिटल कुनिहार ले आये। परंतु चिकित्सक ने जांच के बाद लड़की को मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात रविवार सुबह अर्की हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया, जहां लड़की का पोस्टमार्टम किया गया। गांव में लड़की की डोली की जगह अर्थी को कंधा दिया गया। इस दौरान हर एक आंख नम व गमगीन थी।