तंदूर सा तपा बिलासपुर, 40 डिग्री

By: May 9th, 2019 12:05 am

बिलासपुर —जिला में बीते दो हफ्तों से दिन में गर्मी का कहर जारी है। हालांकि न्यूनतम तापमान कम रहने से रात में राहत है। आगामी कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह से ही चटक धूप खिली। हालांकि हल्की हवा चलने से शाम के समय गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। दोपहर में धूप की तीव्रता अधिक होने से सड़कों पर शाम चार बजे तक सन्नाटा पसरा रहा। दिन में भी हालांकि लू चलती रही। भीषण गर्मी के कारण पूरा बिलासपुर प्रभावित है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक बढ़ौत्तरी होने की संभावना है। बहरहाल पारे में आए जबरदस्त उछाल ने गर्मी के तेवर में और भी गरमाहट ला दी है। सूरज की तपिश में और भी चमक महसूस होने लगी है। सूरज लगातार आग उगल रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सभी को सूर्य की तपिश ने प्रभावित किया है। दोपहर की चिलचिलाती धूप में निकलना मुश्किल हो रहा है। 12 से तीन बजे के बीच तो ऐसा लगता है कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। गर्म हवाएं तन को झुलसना शुरू कर देती है। देर शाम तक हवा अपने साथ गरमाहट लेकर चल रही है। भीषण गर्मी में कूलर पंखों ने भी जवाब दे दिया है। शहर में लोग शाम पांच बजे के बाद ही घरों से निकलकर अपने काम निपटाना बेहतर समझ रहे है। महिलाएं व लड़कियां इस धूप से बचने के लिए सिर पर चुनरी ओढ़ती देखी गईं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App