तीन माह… 4,666 मामले दर्ज

ऊना -प्रदेश में बढ़ रहे अपराधिक मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ऊना ने जिला अध्यक्ष राजेश पराशर की अध्यक्षता में बुधवार को डीआरओ ऊना के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी व प्रदेश सचिव विक्रम शर्मा विक्की विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश पराशर ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा सरकार सत्तासीन हुई है, तब के बाद से कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। अपराधिक तत्त्व बेखौफ व बेलगाम होकर वारदातों को अंजाम दे रहे है। आए दिन प्रदेश में हत्या, दुष्कर्म, छेड़छाड़ यौन उत्पीडऩ व अन्य संगीन अपराधों के मामले दर्ज हो रहे हैं। प्रदेश में अराजकता का माहौल व्यापक है, हर वर्ग विशेषकर महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। गत दिनों हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक युवती से दरिंदो द्वारा चलती गाड़ी में घसीट व्यवस्था की पोल को खोल रहा है। हद तो तब हो गई जब उस युवती ने अपनी सुरक्षा के लिए लक्कड़ बाजार चौकी में गुहार की, लेकिन पुलिस ने युवती की व्यथा को अनदेखा कर दिया। इस कार्रवाई ने पूरे सिस्टम पर ही सवाल खड़े कर दिए है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश में सरकार और कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं रही है। उन्होंने उन पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध अपने काम के प्रति लापरवाही बरतने के लिए तुरंत उन्हें अपने पद से निष्कासित किया जाए, ताकि हिमाचल प्रदेश के समस्त नागरिक अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें व प्रदेश के शांतिमय वातावरण को अपराधिक तत्त्वों से सुरक्षित किया जा सके। उधर, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्तासीन हुई है, तब से कानून व्यवस्था के मामले में प्रदेश निरंतर पिछड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में कुल 19,549 अपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। जो कि पिछले दस वर्षों में सबसे अधिक है। इसी प्रकार 31 मार्च तक उपलब्ध आंकड़ों के मात्र तीन महीने के अंदर कुल 4,666 मामले दर्ज किए गए है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपने उत्तर दायित्तव निभाने में पूर्णतः असफल रही है, इसलिए वर्तमान सरकार को तुरंत बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कि स्थिति को देखते हुए इस भाजपा सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने राज्यपाल से मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विवेक मिंका, महासचिव ओंकार कपिला, प्रवीण शर्मा, दीपक लट्ठ, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हजारी लाल धीमान, हरोली से विनोद बिट्टू, उपाध्यक्ष अमित ठाकुर, प्रदेश सचिव अखिल, अनिल गौतम, अभिनव, यशपाल भटोली, शोभित गौतम, अमित, गुरबख्श, बलविंद्र व प्रिंस राजपूत सहित अन्य उपस्थित रहै।