दुर्गम बूथ से भाजपा को लीड

कुल्लू—जिला कुल्लू के सबसे दुर्गम एवं सबसे उम्रदराज मतदाता शाड़ी देवी के बूथ में भी भाजपा को मतदान में बढ़त मिली है। यहां पर लगभग दोगुने वोट भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा को मिले हैं। भाजपा के खाते में दोगुने मत जाने पर आजादी से पहले जैसी स्थिति से गुजर-बसर रहे लोगों को अब विकास की उम्मीद भी जग गई है। सड़क-बिजली जैसे मूलभूत सुविधा से वंचित शाक्टी के लोगों ने भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सड़क से 18-20 किलोमीटर की दूरी पर बसे गांव शाक्टी में 110 वर्षीय शाड़ी देवी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। शाड़ी देवी जिला की सबसे बड़ी उम्र की मतदाता है। बुजुर्ग मतदाता ने वोट डालने के बाद शाक्टी बूथ में ही कुल्लवी बामणू गाया, जिसमें महिला ने सरकार से यहां की दशा को सुधारने की मांग की है। बता दें कि शाक्टी बूथ में 42 मत भाजपा के प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा को पड़े हैं। जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी आश्रय शर्मा को 24 वोट पड़े हैं। ऐसे में भाजपा को यहां पर भी 18 वोटों की बढ़त मिली है। जबकि पिछले चुनावों में ऐसा नहीं हुआ था। बता दें कि जिला कुल्लू के मनाली, कुल्लू, बंजार, आनी और निरमंड के लगभग सभी 544 पोलिंग बूथों में भाजपा को लीड़ मिली है। इस बार चौंकाने वाला एक बूथ का आंकड़ा भी सामने आया है। जिला कुल्लू के निरमंड क्षेत्र के शाहगई पोलिंग बूथ में कांग्रेस को मात्र आठ मत पड़े हैं। इससे ज्यादा मत तो यहां पर सीपीएमआई के प्रत्याशी 14 पड़े हैं। लेकिन भाजपा के खाते में इस बूथ में 151 वोटिंग हुई है, जो कई गुणा ज्यादा है। बागीशाड़ी बूथ में में भी कांग्रेस को मात्र 10 मत पड़े हैं। जबकि रामस्वरूप शर्मा को 70 मत पड़े हैं। इसके अलावा मनाली विस क्षेत्र के कांगती बूथ में कांग्रेस को 11 और भाजपा को 177 मत पड़े हैं। वहीं, बंजार विस क्षेत्र के छवारा बूथ में कांग्रेस को 15 और भाजपा को 220 मत पड़े हैं। शरड़ी में कांग्रेस को 11 और भाजपा के रामस्वरूप शर्मा को 121 मत पड़े हैं। वहीं, दारन में 14 कांग्रेस और भाजपा को 75 मत पड़े हैं। वहीं, कढांडा में कांग्रेस को 14 और भाजपा को 167 मत पड़े हैं। चंबू में 18 कांग्रेस और भाजपा के खाते में 16 मत गए हैं। लिहाजा, जिला कुल्लू में भाजपा को हर विधानसभा क्षेत्र से बढ़त दिलाई है।