देश को चाहिए मजबूत सरकार

By: May 13th, 2019 12:15 am

चंबा, बिलासपुर और नाहन में भाजपा अध्यक्ष शाह की ताबड़तोड़ रैलियां, चारों सीटें जीतने का दावा

चंबा, बिलासपुर, नाहन –भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को चंबा, बिलासपुर और नाहन में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में एक के बाद एक तीन रैलियां कीं। चंबा में उनके निशाने पर मुख्यतः कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कश्मीर मुद्दे पर उनकी पार्टी का स्टैंड और आतंकवाद के खिलाफ सख्ती रहा, वहीं बिलासपुर में उन्होंने देश मेें फिर से सशक्त सरकार लाने पर जोर दिया। इसी तरह नाहन की रैली में भी उन्होंने सैनिकों के सम्मान और प्रधानमंत्री मोदी के हिमाचल के प्रति स्नेह को याद दिलाया। रैलियों में भाजपा प्रमुख ने कहा कि नरेंद्र मोदी के रूप में देश को ऐसा नेतृत्व मिला, जिसने न केवल आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया, बल्कि देश को एक महाशक्ति बनाने की दिशा में भी काम किया है। लिहाजा अब फिर से मोदी जैसे सशक्त नेतृत्व की देश को जरूरत है। चंबा में संकल्प रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उन लोगों के समर्थन की बात करते हैं जो जम्मू व कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री बनाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, इसे किसी भी सूरत में बर्बाद नहीं होने देंगे। सत्ता में आते ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाएंगे। आज देश में राष्ट्र विरोधी ताकतें सिर उठा रही है, इसे कुचलने के लिए केंद्र में मोदी सरकार का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों से अब बातचीत से काम नहीं चलेगा, ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। अगर पाकिस्तान से गोलियां चलेंगी तो हमारी सेना गोले बरसाएगी।  कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील करते हुए श्री शाह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के शासन में ही देश सुरक्षित है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में चारों सीटें जीतकर इतिहास बनाएंगे। बिलासपुर के लुहणू मैदान में आयोजित जनसभा में अपने भाषण की शुरुआत करने से पहले अमित शाह ने मां नयना की पावन भूमि और महर्षि मार्कंडेय की तपोस्थली तथा परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार व पुलवामा हमले के शहीद तिलकराज को नमन किया। यहां अपने 33 मिनट के भाषण में अमित शाह ने यूपीए के 55 साल और मोदी सरकार के पांच साल के काम की तुलना की। उन्होंने पिछले पांच साल में केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के लिए दी गई 133 योजनाओं और दो लाख नौ हजार 31 करोड़ रुपए की सौगातों से अवगत करवाया, जबकि कांग्रेस के समय मात्र 44 हजार दो सौ पैंतीस करोड़ का बजट ही मिलने का दावा किया। उन्होंने रोहतांग टनल का जिक्र करते हुए कहा कि अटल जी की सरकार के समय इसकी शुरुआत की गई थी, लेकिन यूपीए के कार्यकाल में योजना को ठंडे बस्ते में डाले रखा गया, जबकि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद फिर से काम शुरू करवाया गया, जो कि अब बनकर तैयार है। यही नहीं श्री शाह ने धूमल और नड्डा द्वारा विकास में दिए गए योगदान को भी अपने भाषण के दौरान कई बार याद किया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने भाषण में अनुराग ठाकुर की जीत के लिए जनता से अपील की और दोनों हाथ खड़े करवाकर विजयश्री का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर मेरे छोटे भाई हैं और वह उन्हें जिताने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने जनता से कहा कि आप रिकार्ड जीत के साथ लोकसभा भेजिए, अनुराग को बड़ा नेता बनाने की जिम्मेदारी मेरी है। उधर, नाहन के ऐतिहासिक चौगान में भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा में अमित शाह ने कहा कि देश की सवा करोड़ की आबादी की आवाज है कि नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि चार पीढि़यों से गांधी-नेहरू परिवार वन रैंक-वन पेंशन का लाभ देश के भूतपूर्व सैनिकों को नहीं दे पाया था, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साल में ही कर दिखाया। अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी गुजरात से अधिक हिमाचल को अपना घर मानते हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि हिमाचल व देश में विकास, आतंकवाद व पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए नरेंद्र मोदी की सरकार को सत्ता में लाना होगा। अमित शाह ने इस दौरान हिमाचल सरकार की योजनाओं की भी जमकर तारीफ की। अमित शाह से पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव की तर्ज पर 19 मई को भी हिमाचल की चारों सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App