दोस्त ने लूटा दोस्त का घर

 भोरंज—दोस्त बनकर भरोसा जीतने वाले व्यक्ति ने मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। दोस्ती की आड़ में अपने ही दोस्त के घर से गहने चोरी कर लिए। घटना सोमवार की बताई जा रही है। व्यक्ति अकसर दोस्त के घर आता रहता था। इसी बीच इसने परिवार वालों को भरोसा भी जीत लिया। परिवार से काफी घुल-मिल चुके व्यक्ति ने मौका पाते ही गहनों पर हाथ साफ कर लिया। पहले तो परिवार को कुछ समझ नहीं आया। काफी विचार करने के बाद इस नतीजे पर पहुंचे कि  इस व्यक्ति के सिवाय घर में कोई बाहरी नहीं आया। इस कारण सीधा शक पर उसी पर गया। बाद में शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चुराए गए गहने बरामद कर लिए हैं। अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार उपमंडल भोरंज के गांव ढो के एक घर से गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। नरेंद्र सिंह पुत्र दिले राम ग्राम व डाकघर ढो तहसील भोरंज जिला हमीरपुर ने यह शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। उसने बताया किइसके घर से जेवरात चोरी हुए हैं। राजीव कुमार उर्फ  राजू गांव बदरू डाकघर कंजयाण उनके घर अकसर आता था। उसने ही उसके जेवरात चोरी किए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। निरीक्षण के दौरान आरोपी से 22 ग्राम सोने के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। एसएचओ भोरंज कुलवंत सिंह ने बताया कि आईपीसी 454, 380  के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर छानबीन की जा रही है।