दो दिन…चार अग्निकांड…साढ़े तेरह लाख स्वाह

By: May 15th, 2019 12:05 am

 हमीरपुर-बीते दो दिन हमीरपुर में छह परिवारों के लिए सबसे भारी बीते। रविवार व सोमवार को आगजनी ने छह परिवारों से उनका आशियाना छीन लिया। अब हालात ऐसे हैं कि ये लोग पड़ोसियों के घर दिन काट रहे हैं। बीते दो दिनों में चार आगजनी की घटनाएं हुईं। इनमें करीब साढ़े तेरह लाख की संपत्ति स्वाह हुई है। आग लगने के कारण हर जगह शार्ट सर्किट ही माने गए। कारण चाहे जो भी रहे हांे, लेकिन दो दिन के भीषण अग्निकांड छह परिवारों को गहरे जख्म दे गए। जाहिर है कि बीते रविवार को भारीं में चार परिवारों का मकान जल गया। आगजनी की यह घटना रात करीब एक बजे हुए। इसमें परिवार को करीब साढ़े सात लाख का नुकसान हुआ है। घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, ग्राम पंचायत भौंखर के भौंखर गांव में एक स्लेटपोश मकान आग की भेंट चढ़ गया। घर में रखा सारा सामान जल गया। इसमें भी परिवार को पांच लाख का नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं, सोमवार को नाल्टी रोड पर एक रिहायशी मकान जल गया। इसमें करीब साठ हजार का नुकसान हुआ है। शहर के साथ एक निजी अस्पताल का स्टोर आग की भेंट चढ़ गया। इसमें भी करीब पच्चास हजार का नुकसान हुआ है। ऐसे में रविवार व सोमवार का दिन सबसे नुकसानदायी रहा। इन दिन मिले दुख को शायद ही छह परिवार कभी भूल पाएं। फायर ब्रिगेड ने ही सभी अग्निकांड पर काबू पाया है। हालांकि भौंखर में हुई अगजनी में फायर ब्रिगेड समय रहते नहीं पहुंच सकी। हमीरपुर से करीब तीस किलोमीटर दूरी पर हुए अग्निकांड के स्थान पर जब दमकल पहुंचा, तो सब कुछ राख हो चुका था। फायर केंद्र अधिकारी ने बताया कि दो दिनों में चार अग्निकांड हुए हैं। इनमें लाखों की संपत्ति राख हो गई। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि सतर्कता बरतें। आग को सुलगने पर ही बुझा दें। गर्मियों का मौसम चल रहा है आग बहुत कम समय में विकराल रूप धारण कर लेती है। ऐसे में सावधानी ही नुकसान से बचा सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App