धर्मशाला-पच्छाद टिकट के लिए जंग

By: May 28th, 2019 12:02 am

 दिल्ली से तार जोड़ने लगे भाजपा नेता, उपचुनाव में भी कांग्रेस को चित करने की तैयारी

शिमला —लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज करने के बाद अब प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव के लिए भाजपा तैयार हो गई हैं। प्रचंड मतों से चारों संसदीय सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद अब प्रदेश भाजपा धर्मशाला और पच्छाद में होने वाले उप चुनाव में भी कांग्रेस को करारा झटका देने की सोच रही है। हालांकि लोकसभा चुनावी नतीजे के साथ ही धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव का भी बिगुल बज गया है, लेकिन टिकट के लिए भाजपा नेताओं ने केंद्र से तार जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। कांगड़ा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर और शिमला सीट से सुरेश कश्यप संसद में जाने के बाद अब इन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उप चुनाव के लिए टिकट की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक धर्मशाला विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में उमेश दत्त को टिकट मिल सकता है। उनका राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से हुआ था। जबकि पच्छाद सीट पर एक सेवानिवृत्त डीएफओ टिकट के लिए तार जोड़ रहे हैं। हालांकि टिकट का फैसला पार्टी हाईकमान करेगा।   गौरतलब है कि कांगड़ा और शिमला संसदीय क्षेत्र में उप चुनाव पहले से ही तय था। धर्मशाला से पूर्व मंत्री एवं 2017 में विधानसभा चुनाव हारे सुधीर शर्मा और पच्छाद से पूर्व विधायक गंगूराम मुसाफिर एक बार फिर से उप चुनावी जंग में उतर सकते हैं।  लोकसभा चुनाव के दौरान धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर को 18 हजार 685 मतों की लीड मिली है। जबकि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में सुरेश कश्यप को 13 हजार 21 मतों की लीड मिली। ऐसे में अब आने वाले उप चुनाव में भी यही लीड काफी मायने रखेगी।

पच्छाद में 2012 से पछता रही कांग्रेस 

जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पिछले 2012 के चुनाव से पछता रही है। यहां से कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर को भाजपा के सुरेश कश्यप दो चुनावों में पराजित करते आ रहे हैं। अब देखना है कि इस बार होने वाले उप चुनाव में कांग्रेस किस तरह से भाजपा को टक्कर देती है। लोकसभा चुनाव में चारों खाने चित होने के बाद हालांकि अभी कांग्रेस में उप चुनाव की कोई चर्चा नहीं हैं, लेकिन भाजपा ने चुनावी जीत के साथ ही अपनी तैयारी शुरू कर दी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App