नगर खेड़ा महाराज को चढ़ाया 25 किलो का छतर

By: May 31st, 2019 12:10 am

सुबाथू —सुबाथू क्षेत्र की हर समय रक्षा करने वाले नगर खेड़ा (क्षेत्रपाल) महाराज को गुरुवार को एक 25 किलो तांबे का छतर भेंट किया गया। श्री सनातन धर्म सभा सुबाथू के प्रधान दिनेश गुप्ता ने अपने पूर्वजों की याद में यह छतर दिया। गुरुवार सुबह सनातन धर्म मंदिर में स्थित खेड़ा महाराज के मंदिर में प्रधान दिनेश गुप्ता सहित सभा के सदस्य व शहरवासियों की उपस्थिति में इस तांबे के छतर की पूजा अर्चना उपरांत खेड़ा महाराज के सिर पर सजाया गया। सनातन धर्म सभा के महासचिव अशोक शर्मा ने बताया की गुरुवार को सभा के प्रधान दिनेश गुप्ता ने अपने पूर्वजों की याद में 25 किलो का तांबे का छतर भेंट किया। इसी उपलक्ष्य सनातन धर्म मंदिर में 31 मई से  तीन जून तक नगर खेड़ा (क्षेत्रपाल) महाराज की पूजा-अर्चना व यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को कलश स्थापना के साथ इस पूजा अर्चना को शुरू किया जाएगा। अशोक शर्मा ने बताया की सुबह पूजा का कार्यक्रम होगा उसके बाद तीन दिन तक 11 ब्राह्मण पूरे दिन खेड़ा महाराज का यज्ञ करेंगे और शाम को संकीर्तन किया जाएगा। सोमवार सुबह हवन होगा दिन में पूर्णाहुति होगी उसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र सहित आसपास के लोगों से आग्रह किया है की अधिक से अधिक संख्या में आकर खेड़ा महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें। इस अवसर पर सभा के उपप्रधान मनोज शर्मा, रवि शर्मा, संजीव गर्ग, शिव शर्मा, संदीप गुप्ता, भूपिंदर शर्मा, अमित गुप्ता, कुलदीप, नीरज कौशिक, पुष्प अग्रवाल सहित अन्य शहरवासी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App