नड्डा बनेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष!

By: May 31st, 2019 12:07 am

अमित शाह के मंत्री पद संभालते ही हिमाचल से सांसद को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना

शिमला – मोदी सरकार में अनुराग ठाकुर के रूप में हिमाचल की अहम भागीदारी के अलावा इस बार प्रदेश की सियासत की पताका केंद्रीय राजनीति के शिखर पर लहराएगी। पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं। पार्टी सुप्रीमो अमित शाह के मोदी कैबिनेट में शामिल होने के कारण नड्डा की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की प्रबल संभावनाएं हैं। इसी कारण केंद्रीय राजनीति के कद्दावर नेता जेपी नड्डा को केंद्र में मंत्री पद की शपथ नहीं दिलाई गई है। इस ताजपोशी के बाद भाजपा में शीर्ष पद प्राप्त करने वाले जेपी नड्डा हिमाचल के पहले नेता बन जाएंगे और पार्टी में उनकी भागीदारी मोदी-शाह के बाद तीसरे नेता के रूप में बन जाएगी। जाहिर है कि हिमाचल की धूमल सरकार में मंत्री पद छोड़ कर संगठन में सक्रिय हुए जेपी नड्डा को राज्य सभा से दिल्ली लाया गया था। इसके चलते मोदी-1 सरकार में भाजपा के दिग्गज नेता शांता कुमार तथा जीत की हैट्रिक लगाने वाले अनुराग ठाकुर की प्रबल दावेदारी के बावजूद जेपी नड्डा को केंद्रीय मंत्री बनाया जाएगा। उन्हें केंद्र में स्वास्थ्य सरीखा भारी-भरकम मंत्रालय सौंप कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इनाम दिया था। इसके अलावा जगत प्रकाश नड्डा भारतीय जनता पार्टी के महासचिव के पद पर पूरे पांच साल बने रहे। उन्हें भाजपा के केंद्रीय संसदीय बोर्ड का भी महासचिव तैनात किया गया था। इस कारण भारी-भरकम मंत्रालय का प्रभार होने के बावजूद जेपी नड्डा को संगठन में भी अहम दायित्व सौंपा गया था। इन चुनावों में नड्डा को उत्तर प्रदेश का दायित्व सौंपा गया था। तरह-तरह के कयासों के बावजूद भाजपा ने उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत हासिल की है। इसके लिए जेपी नड्डा की मेहनत और बेहतरीन रणनीति की पार्टी में जबरदस्त प्रशंसा हो चुकी है। लिहाजा प्रचंड बहुमत से जीती मोदी सरकार में इस बार भी जेपी नड्डा को पावरफुल मंत्रालय मिलने की संभावना थी। हालांकि गांधीनगर से पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की दावेदारी के तुरंत बाद यह अटकलें लगनी भी शुरू हो गई थीं कि इस बार बदलाव देखने को मिलेगा। इसी के अनुरूप राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को मोदी सरकार में शामिल होकर जेपी नड्डा के लिए अध्यक्ष पद पर दावेदारी का रास्ता खोला दिया है। अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह के बाद तीसरे नंबर पर शपथ ली है। अब तक हिमाचल प्रदेश से जेपी नड्डा के अलावा शांता कुमार केंद्रीय राजनीति में अहम पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। शांता कुमार भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तथा उपाध्यक्ष रह चुके हैं। जेपी नड्डा महासचिव से अगर पार्टी के शीर्ष पद पर काबिज होते हैं तो हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय राजनीति में यह सबसे बड़ा सम्मान होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App