नूरपुर से भाजपा को 35 हजार की लीड

विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल को मिले 13397 मत

 नूरपुर—नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 35170 की लीड मिली है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद है।नूरपुर हलके में कुल दस राउंड की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर को 48567 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल को 13397 मत मिले और भाजपा प्रत्याशी इस हलके से 35170 मतों से आगे रहे। सुबह मतगणना के बाद हर राउंड में भाजपा ने बढ़त बनाए रखी, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह रहा। नूरपुर हलके में भाजपा प्रत्याशी को भारी बढ़त मिलने पर नूरपुर हलके के विधायक राकेश पठानिया ने कहा कि नूरपुर हलके में भाजपा को 35 हजार से ज्यादा की बढ़त मिली है, जो कि एक रिकॉर्ड है। भाजपा के पक्ष में यह एक सुनामी है, जिससे भाजपा को भारी बढ़त मिली है। यह आम व्यक्ति, किसान-बागबान का चुनाव था, जिससे लोगों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। कांगड़ा-चंबा संसदीय हलके के भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर लगभग साढ़े तीन लाख से ज्यादा मतों से जीते है। यह आदर्णीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जीत है। लोगों ने केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की जयराम ठाकुर की सरकार के बेहतर कार्यों पर मुहर लगाई है। उन्होंने नूरपुर हलके से भारी बढ़त के लिए नूरपुर की जनता का आभार व्यक्त किया है।