न्यायमूर्ति सूर्यकांत जल्द बनेंगे सुप्रीम कोर्ट के जज

By: May 10th, 2019 12:06 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जल्द ही सुप्रीम कोर्ट के जज होंगे। सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय कॉलेजियम ने प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत को सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्त किए जाने बारे आठ मई को अपनी सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी है। न्यायाधीश सूर्यकांत ने पांच अक्तूबर, 2018 को हिमाचल प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाला था। न्यायाधीश सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी, 1962 को हिसार जिला में मध्यवर्गीय परिवार में हुआ। प्रारंभिक पढ़ाई उन्होंने गांव के ही स्कूल से की और वर्ष 1984 में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक से विधि की डिग्री हासिल की। वर्ष 1984 में उन्होंने जिला न्यायालय हिसार में वकालत शुरू की और वर्ष 1985 से चंडीगढ़ में वकालत शुरू की। न्यायाधीश सूर्यकांत संविधान, सेवा संबंधी मामले और सिविल मामलों में माहिर हैं। सात जुलाई, 2000 को उन्हें हरियाणा का महाधिवक्ता तैनात किया गया और मार्च 2001 में इन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया। वर्ष 2011 में इन्होंने विधि में स्नातकोत्तर डिग्री प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। नौ जनवरी, 2004 को इन्हें पंजाब एवं हरियाणा का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App