पंजाब में वोट करेंगे 2.8 करोड़ मतदाता

आज ईवीएम में कैद होगा 278 उम्मीदवारों का भाग्य

चंडीगढ़ -पंजाब की सभी 13 व चंडीगढ़ की एक संसदीय सीट पर रविवार 19 मई को मतदान होगा। मतदान की लगभग सभी तैयारियां मुकम्मल कर दी गई हैं। पोलिंग पार्टियां रवाना होने लगी हैं। पंजाब की 13 संसदीय सीटों के लिए कुल 278 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से 24 महिलाएं हैं। होशियारपुर (अजा) संसदीय सीट से सबसे कम आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अमृतसर से सबसे ज्यादा उम्मीदवार 30 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में कुल 23,213 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राज्य में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अर्धसैनिक बलों के 30,000 और पंजाब पुलिस के 75,000 जवान तैनात किए गए हैं। गुरदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर (अजा), होशियारपुर (अजा), आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब (अजा), फरीदकोट (अजा), फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर, पटियाला व चंडीगढ़ में सातवें चरण में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। वहीं चंडीगढ़ में कुल 36 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 9 महिलाएं हैं।

719 बूथ संवेदनशील 509 अतिसंवेदनशील

जानकारी के लिए बता दें कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए पंजाब में कुल 23,213 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 6819 शहरी और 16,394 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। 719 पोलिंग बूथों को संवेदनशील और 509 पोलिंग बूथों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। राज्य प्रशासन की ओर से यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पंजाब में लगभग 95 कंपनियां सुरक्षा में तैनात हैं।

चार सीटें आरक्षित

इनमें नौ सामान्य श्रेणी और 4 सीटें  जालंधर, होशियारपुर, फतेहगढ़ साहिब और फरीदकोट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। पंजाब में कुल 2,08,92,674 मतदाता हैं, जिनमें से 1,10,59,828 पुरुष मतदाता; 98,32,286 महिला मतदाता और 560 थर्ड जेंडर के हैं।