पांच महीने बाद मढ़ी पहुंचे चार हजार सैलानी

By: May 6th, 2019 12:05 am

मनाली—पांच माह बाद सैलानियों के लिए बहाल हुए मढ़ी में पहले ही दिन हजारों की संख्यां में सैलानी पहुंचे। एनजीटी के आदेशों पर रविवार को 600 वाहन को मढ़ी भेजा गया। ऐसे में जहां पांच माह बाद मढ़ी में हजारों सैलानियों के पहुंचने से रौनक वापस लौट आई है, वहीं पर्यटन करोबारियों के चहरे भी खुशी से खिल उठे हैं। मढ़ी में बर्फ की मोटी चादर देख जहां सैलानी खासे खुश दिखे, वहीं सैलानी यहां की खुबसूरत वादियों को अपने कैमरे में भी कैद करते दिखाई दिए। बीआरओ ने जहां राहनी नाला तक सड़क से बर्फ हटाने में कामयाबी हासिल कर ली है, वहीं मढ़ी सैलानियों के लिए बहाल हो जाने के बाद यहां हजारों की संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। मढ़ी के बहाल होते ही पहले ही दिन  हजारों सैलानी उक्त पर्यटक स्थल पर पहुंचने से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में मनाली का पर्यटन करोबार रफ्तार पकड़ेगा। देश के मैदानी क्षेत्र जहां गर्मी से तप रहे हैं, वहीं मढ़ी में बर्फ की मोटी चादर बिछी होने से यहां तापमान भी माइनस में चल रहा है। ऐसे में सैलानियों को यहां का ठंडा मौसम काफी पसंद आ रहा है। उल्लेखनीय है कि देशी-विदेशी के सैलानियों की पहली पसंद रोहतांग दर्रे के पर्यटन स्थल मढ़ी में अरसे बाद रौनक लौट आई है। सर्दियों के चलते पर्यटन स्थल मढ़ी पांच महीनों के बाद पर्यटकों के लिए खुल गया है। हालांकि रोहतांग तक पहुंचने के लिए सैलानियों को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन प्रशासन ने सैलानियों को मढ़ी तक जाने की अनुमति दे दी है। मढ़ी व ब्यासनाला में चार फुट से अधिक बर्फ  है। मढ़ी से तीन किलोमीटर दूर सागू फाल का नजारा इस बार कुछ हट कर है। यहां बर्फ  के बीच पहाड़ी से गिर रहा झरना सैलानियों में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। यहां पर्यटक घुड़सवारी का आनंद लेते हुए बर्फ  के दीदार कर रहे हैं। रविवार को 600  पर्यटक वाहनों में चार हजार से अधिक पर्यटक मढ़ी व ब्यासनाला पहुंचे। रोहतांग दर्रे सहित पर्यटन स्थलों में अपना कारोबार चला रहे सैकड़ों व्यवसायियों ने भी पर्यटकों की चहलकदमी से राहत की सांस ली है। प्रशासन ने पंजीकृत पर्यटन व्यवसायियों को ही मढ़ी में काम करने की अनुमति दी है। सैलानियों को कुल्लवी परिधान पहनाकर रोजगार चला रही महिलाओं को भी पंजीकरण  के बाद ही रोहतांग जाने की अनुमति रहेगी। मढ़ी में पर्यटन विभाग ने एनजीटी के आदेशानुसार साहसिक पर्यटन गतिविधियों के लिए अलग-अलग जगह चिन्हित की है। फोटोग्राफर यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा ने बताया कि करीब पांच महीने बाद पर्यटन स्थल मढ़ी में उनका रोजगार शुरू हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App