पांवटा साहिब में सुलगे दो मकान

अंबोया में भड़की लपटों से कहर, टीवी-फ्रिज समेत सारा सामान राख, पांच लाख का नुकसान

पांवटा साहिब – पांवटा साहिब के गिरिपार क्षेत्र के अंबोया में आगजनी से लकड़ी के दो मकान राख हुए हैं, जिससे करीब पांच लाख रुपए के नुकसान का आकलन लगाया गया है। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पंहुची और आग पर काबू पाकर आसपास के अन्य घर सुलगने से बचा लिया। इस आगजनी से दो विधवा महिलाओं के लकड़ी के मकान सहित कीमती सामान जल गया है। जानकारी के मुताबिक पांवटा साहिब मे जहां गर्मी कहर ढा रही है, वहीं आगजनी की घटनाएं भी लोगों को बड़ा नुकसान कर रही हैं। मंगलवार को पांवटा के भगवानपुर गांव में आगजनी के बाद बुधवार को गिरिपार क्षेत्र के अंबोया में भी आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। इसमें आगजनी से लाखों की क्षति हुई है। ग्राम पंचायत अंबोया में अनीता मेहता धर्मपत्नी स्वर्गीय नरेश चंद के दो मंजिला लकड़ी के मकान में आग भड़क उठी, जिससे दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। मकान में रखे कपड़े, फ्रिज, अनाज, कूलर व टीवी समेत अन्य सामान जल गया है, जिससे अनीता मेहता को करीब तीन लाख रुपए से अधिक की क्षति आंकी जा रही है। यही नहीं आग ने साथ लगते लक्ष्मी देवी धर्मपत्नी सुरेश चंद के मकान को भी चपेट में ले लिया। लक्ष्मी देवी भी विधवा बताई जा रही है। उसके लकड़ी के मकान को भी आगजनी से दो लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

यहां भी भड़की चिंगारी

बुधवार को धौलाकुआं, माजरा और पांवटा चुंगी नंबर छह में भी आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि अग्निशमन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। अग्निशमन केंद्र पांवटा साहिब के फायर ऑफिसर प्रेम चंद चौधरी ने कहा कि आगजनी के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। अंबोया पंचायत के प्रधान निशिकांत मेहता ने मामले की पुष्टि की है।