पुलिस ने जांचीं प्राइवेट स्कूलों की बसें

By: May 28th, 2019 12:05 am

सुजानपुर—सुजानपुर शहर के निजी स्कूल प्रबंधन स्कूल की बसों को पूरी तरह निर्धारित किए गए मापदंडों के तहत ही चला रहे हैं। इस बात का खुलासा सोमवार को सुबह निरीक्षण अभियान के दौरान हुआ। निजी स्कूल बसों की चैकिंग के लिए सुजानपुर पुलिस ने सुजानपुर-पालमपुर मुख्य मार्ग पर निरीक्षण अभियान शुरू किया। एक-एक करके निजी स्कूल की बसों को रोका गया, लेकिन कोई भी ऐसी बस नहीं पाई गई। इसमें मापदंड पूरे न हों। थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री की अगवाई में निजी स्कूल बसों की चैकिंग की गई। बसों में सुरक्षा के मद्देनजर तमाम इंतजाम हैं या नहीं है, जीपीएस सिस्टम लगा है या नहीं लगा है। सीसीटीवी कैमरा सुविधा है या नहीं है, तमाम चीजों का निरीक्षण किया गया। सभी मापदंड सही पाए गए। बताते चलें कि निजी स्कूल बसों को लेकर राज्य सरकार एवं प्रदेश उच्च न्यायालय ने सख्त निर्देश जारी किए थे और मापदंडों के तहत बसें चलाने के निर्देश भी जारी किए थे। निर्देशों की पालना करते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आरटीओ हमीरपुर द्वारा सुजानपुर शहर के सभी स्कूलों में पहुंचकर निरीक्षण अभियान किया गया था और जो नियम लागू किए गए हैं उन्हें विस्तृत स्कूल प्रबंधकों को बताया गया था। एहतियात के तौर पर सभी नियम लागू करने के लिए भी कहा गया था। आदेशों की पालना करते हुए निर्धारित किए गए सभी मापदंड सुजानपुर शहर के निजी स्कूलों ने अपना लिए हैं। यही कारण है कि सोमवार को निरीक्षण पर आई सुजानपुर पुलिस बैरंग लौट गई। स्कूल प्रबंधन की इस कार्रवाई से सुजानपुर पुलिस खुश है और कहा है कि अगर इसी तरह सभी वर्ग निर्धारित किए गए नियमों को अपनाएं तो दुर्घटनाएं कम होंगी। इस मौके पर सुजानपुर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट नियमों खिलाफ भी जांच अभियान चलाया। इसमें यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले करीब दो दर्जन चालान वाहनों के किए गए। थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने बताया कि एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए हैं। मौके पर ही जुर्माना भरपाई की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App