प्रचंड लीड… खूब झूमे भाजपा वर्कर्ज

By: May 24th, 2019 12:05 am

गगरेट —प्रचंड मोदी लहर के बीच विधानसभा क्षेत्र गगरेट में भाजपा को मिली प्रचंड लीड ने भाजपा कार्यकर्ताओं को झूमने पर विवश कर दिया। हालांकि भाजपा कार्यकर्ता चुनाव परिणाम आने से पहले ही अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थे और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पांच क्विंटल लड्डू आर्डर पर बनवाने के साथ जीत की खुशी में दिवाली मनाने के लिए आतिशबाजी का पूरा इंतजाम कर लिया था और गुरुवार को जैसे ही चुनाव नतीजे भाजपा के पक्ष में आए तो भाजपा कार्यकर्ताओं के पांव जमीन पर नहीं लग रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर झूम कर अपनी खुशी का इजहार किया। दरअसल विधानसभा क्षेत्र गगरेट से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर की जीत की नींव पहले राउंड से ही पड़ गई थी और जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ती गई वैसे-वैसे लीड का पहाड़ बड़ा होता गया। हालांकि भाजपा मंडल अध्यक्ष राम मूर्ति शर्मा ने चुनाव से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं के समक्ष भाजपा प्रत्याशी को पंद्रह हजार मतों की लीड दिलाने का लक्ष्य रख दिया था और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा ने जी-तोड़ मेहनत भी की और इस मेहनत के बीच प्रचंड मोदी लहर की मिली घुट्टी ने लक्ष्य को आसान बना दिया और जीत का अंतर 22256 मतों तक जा पहुंचा। विधायक राजेश ठाकुर की अगवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गगरेट में एक-दूसरे का मंुंह मीठा करवा कर अपनी खुशी का इजहार किया तो युवा कार्यकर्ताओं ने कस्बे में आतिशबाजी कर जीत की खुशी में दिवाली मना डाली। विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि यह प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश के प्रति समर्पण की भावना व देश को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का ही परिणाम है। इस चुनाव में जनता के बीच जिस तरह से मोदी की दीवानगी दिखी उससे पहले ही जाहिर हो रहा था कि भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल करने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव से यह भी साबित होता है कि दुष्प्रचार करने का लाभ कम और नुकसान ज्यादा होता है। इस प्रकार कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा पर कीचड़ उछालने का प्रयास किया वह भी जनता को रास नहीं आया। उन्होंने गगरेट क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस चुनाव परिणाम से उन्हें एहसास हो रहा है कि उनकी जिम्मेवारी गगरेट की जनता के प्रति ओर बढ़ गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App