प्रदेश में तीन सीटें जीतेगी कांग्रेस

धर्मशाला में बोले इंडियन ओवरसीज कांगे्रस के मुखिया सैम पित्रोदा

धर्मशाला    – इंडियन ओवरसीज कांगे्रस के मुखिया सैम पित्रोदा ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो यह जरूरी नहीं कि राहुल गांधी ही निश्चित तौर से प्रधानमंत्री चुने जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह हक चुने हुए सांसदों का रहता है कि वे किस को अपना नेता चुनें। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस चार नहीं, तीन सीटें जीतेगी। गुरुवार को सैम पित्रोदा ने यह बात धर्मशाला में एक बुद्धिजीवी वर्कशॉप में कही। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया की नींव मनमोहन सरकार ने रखी थी, लेकिन पर उस पर मोदी ने अच्छा काम किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के समय में और राजीव गांधी के समय में बहुत अंतर है। राहुल गांधी को इस समय राजनीतिक हालात में बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जो राजीव गांधी के समय में नहीं थी। वहीं, उन्होंने कहा कि मोदी अपने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष रखें। सैम पित्रोदा ने कहा कि मोदी सरकार ने हर विभाग को कैप्चर कर रखा है। चाहे वह सुरक्षा एजेंसियां हों, आईबी हो, पुलिस हो या शैक्षणिक संस्थान हों। कांग्रेस के मेनिफेस्टो में आर्म्ड फोर्स स्पेशल प्रोटेक्शन एक्ट को हटाने की बात पर उनका कहना था कि मेनिफेस्टो को निश्चित करने से पहले उनकी पार्टी ने कई सेमिनार और मीटिंग्स कीं और लगभग दो-तीन लाख लोगों से मंत्रणा करने के बाद उन सारे मुद्दों को मेनिफेस्टो में लाया गया। कांग्रेस के साथ जुड़े डिफेंस के लोगों की सलाह के बाद ही इसे मेनिफेस्टो में शामिल किया गया है। श्री पित्रोदा ने कहा कि मोबाइल, टेलीकॉम, आईटी के क्षेत्र में जो देश की तरक्की हुई है, वह कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा कि मोदी चाहे तो राहुल गांधी या उनके साथ किसी भी मंच पर देश के महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर बहस कर सकते हैं।  

सुधीर शर्मा ने दिखाई ताकत

सैम पित्रोदा का धर्मशाला में कार्यक्रम करवाकर पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने अपनी धाक दिखा दी है। शर्मा ने क्षेत्र के छात्रों एवं बुद्धिजीवी लोगों के साथ टंग में सैम पित्रोदा की एक विशेष वर्कशॉप करवाई, जिसमें युवाओं ने उनसे कई सवाल किए।