प्रदेश में पांच दिन और आग बरसाएंगे सूर्यदेव

By: May 27th, 2019 12:15 am

शिमला  —हिमाचल में मई माह के आखिरी पखवाड़े में सूर्यदेव फिर कहर बरपाने लगे हैं। राज्य में अल सुबह से सूरज की किरणें झुलसाने लगी है। दिन में तो भीषण गर्मी ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो  राज्य में आगामी पांच दिन सूर्यदेव और रौद्र रूप दिखाएंगे। विभाग ने राज्य भर में 31 मई तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया  है। इस दौरान तापमान में ओर उछाल आने की संभावना जताई जा रही है, जबकि विभाग ने पहली जून को पहाड़ों पर फिर बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। इससे प्रचंड गर्मी से कुछ हद तक की राहत मिल सकती है। उधर, प्रदेश में रविवार को मौसम साफ बना रहा। राज्य भर में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। तापमान में उछाल आने के बाद राज्य के मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी गर्मी जमकर पसीने छुड़ा रही है। सोलन के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक चार डिग्री का उछाल आया है। इसके अलावा चंबा, कांगडा, सुंदरनगर व शिमला के तापमान में तीन, भुंतर, कल्पा, धर्मशाला, ऊना और बिलासपुर के तापमान में दो डिग्री तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है।  राज्य के अधिकतम तापमान के  साथ न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री का उछाल आया है। तापमान में उछाल आने के साथ राज्य में दिन के साथ रातों को भी गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य भर में 31 मई तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि पहाड़ों पर पहली जून को फिर से बारिश होगी। गौर हो पिछले दिनों हो रही बारिश के चलते प्रदेश भर में मौसम सुहावना बना हुआ था, लेकिन आजकल पड़ रही तेज धूप के कारण एक बार फिर से लोगों के पसीने छूटने लगे हैं।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    26.0       13.7

सुंदरनगर  35.5       15.1

भुंतर       32.2       11.0

कल्पा     21.8       4.5

धर्मशाला   28.2       16.6

ऊना       38.4       17.7

सोलन     32.2       13.2

नाहन      32.8       17.5

केलांग     17.2       4.2

कांगड़ा    34.0       17.2

बिलासपुर 35.3       16.4

हमीरपुर    34.2       16.9

चंबा       32.3       15.1

डलहौजी  17.9       12.4


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App