प्रधानमंत्री आज चंडीगढ़ में मांगेंगे वोट

सेक्टर-34 के मैदान में पीएम मोदी किरण खेर के लिए करेंगे मतदान का आह्वान

चंडीगढ़ –चंडीगढ़ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी किरण खेर के प्रचार अभियान में तेजी लाने के लिए स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को शहर में होंगे। मोदी यहां सेक्टर-34 के मैदान में कार्यकर्ताओं व शहर वासियों को संबोधित करेंगे। मोदी के आगमन को लेकर भाजपा कार्यालय में जहां दिनभर बैठकों का दौर चलता रहा, वहीं भाजपा प्रत्याशी किरण खेर खुद रैली स्थल पर पहुंची और तैयारियों का जायजा लिया। ज्ञात रहे कि गत 25 अप्रैल को किरण केर द्वारा नामांकन भरने के बाद भाजपा का एक गुट तो घर ही बैठ गया। इनमें विशेषरूप से भाजपा की अधिकतर महिला पार्षद शामिल हैं, वर्ष 2014 में जब किरण केर ने शहर में अपना प्रचार शुरू किया था, तो अनेक महिला नेता उनके संग दिखाई देती थीं, पर इस बार निगम सदन के भीतर व बाहर भाजपा की गुटबाजी इस कद्र हावी है कि प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर भी यह लोग वोट मांगते दिखाई नहीं देते। भाजपा सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों दिल्ली से आए पार्टी के वरिष्ट नेताओं व संघ के नेताओं में भी यह चर्चा का विषय रहा। पहले तो अधिकांश महिला पार्षद किरण खेर विरोधी गुट के साथ थी व उसके बाद कांग्रेस की पूर्व महापौर पूनम शर्मा को खेर द्वारा भाजपा में शामिल किए जाने के बाद इनकी नाराजगी और बढ़ गई। केवल बाजपा अध्यक्ष संजय टंडन ही मैदान में डटे दिखाई देते हैं। टंडन का विरोध करने के लिए किरण खेर के समर्थन का दावा करने वाले पूर्व सांसद सतपास जैन भी प्रचार में कहीं दिखाई नहीं दिए। जो पार्षद दिनरात किरण खेर के साथ प्रचार में लगे हैं, उनका कहना है कि जो लोग मीडिया में या पोस्टर जारी कर प्रचार में होने का दिखावा भी कर रहे हैं, वह तो किसी न किसी पद पर आंख लगाए बैठे हैं। अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री की मंगलवार को होने वाली रैली के बाद बाजपा कार्यकर्त्ताओ में कितना जोश आता है कि वह खेर के लिए न सही पर प्रधानमंत्री के नाम पर वोट मांगने घर से बाहर निकलते हैं या नहीं। खेर को जब भाजपा ने 2014 में पहली बार चंडीगढ़ से चुनाव मैदान में उतारा था, तब भी खेर के प्रचार के लिए मोदी चंडीगढ़ आए थे। उस समय भी मोदी ने सेक्टर-34 से जनसभा को संबोधित किया था। खेर के नेतृत्व में ही डायरेक्ट बेनफिट स्कीम चंडीगढ़ में सबसे पहले शुरू की गई थी। खेर द्वारा चंडीगढ़ में शुरू की गई अन्नपूर्णा अक्षयपात्रा योजना की प्रशंसा प्रधानमंत्री कर चुके हैं। इस जनसभा में पंजाब व चंडीगढ़ प्रभारी प्रभात झा, चंडीगढ़ के चुनाव प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।