बेटी की मौत पर थाने के बाहर गरजा मायका… हंगामा

पुलिस से उलझी महिलाएं; ससुरालियों पर लगाए दहेज के लिए प्रताडि़त करने के आरोप, मामला दर्ज कर जांच में जुटी खाकी

 हमीरपुर—नवविवाहिता की फंदा लगाकर हुई मौत मामले में मायका पक्ष ने सोमवार को पुलिस थाना हमीरपुर का घेराव किया। बेटी को न्याय दिलाने के लिए गांव की दर्जनों महिलाएं पुलिस थाना आ पहुंचीं। यहां पहुंचकर जमकर हंगामा हुआ, वीडियो बनाने को लेकर महिलाएं पुलिस कर्मियों से भी उलझ पड़ीं। महिलाओं की थाना में हो रही बातचीत का एक व्यक्ति वीडियो बना रहा था। न्याय के लिए पहुंचे हर किसी की जुबान पर एक ही बात थी कि ससुरालियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने गरीब घर की बेटी को दहेज के लिए प्रताडि़त किया है। इसी का कारण है कि उसे आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाना पड़ा। नवविवाहिता की मौत के बाद मायका पक्ष के पूरे गांव में आक्रोश था। पुलिस के समझाने के बाद भी महिलाएं समझने को तैयार नहीं थीं। बता दें कि बजूरी के गांव रड़ा की नवविवाहिता शिवानी ने फंदा लगाकर जान दे दी। इसकी शादी करीब चार माह पहले ही हुई थी। शिवानी ने बीएससी कर रखी थी। वह एमएससी करने की इच्छुक थी। शुक्रवार को हुई नवविवाहिता की मौत के बाद ससुराल पक्ष उसे हास्पिटल ले गया। यहां तक की घर से कुछ ही दूरी पर मृतका की ताई का घर है। ताई को भी इसकी सूचना नहीं दी गई। मायका पक्ष को बताया कि अकस्मय ही उनकी बेटी की मौत हो गई। हालांकि मृतका के गले पर फंदे का निशान होने की बात सामने आई है। महिला ने दुपट्टे से फंदा लगाया था, फंदा काटकर इसे नीचे उतारा गया। मायका पक्ष का कहना था कि उसे फंदे से क्यों उतारा गया। पुलिस व परिजनों के आने के बाद ही उसे नीचे उतारते। मृतका की माता मीरा देवी ने बताया कि सुसराल पक्ष उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताडि़त करता था। इस बारे में बेटी ने कई बार बताया, लेकिन वह हर बार बेटी को टाल देते। उन्हें क्या पता था कि दहेज प्रताड़ना बेटी की मौत का कारण बन जाएगी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मायका पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फूट-फूटकर रोईं गांव की महिलाएं

बेटी की मौत के बाद गांव की महिलाओं ने अपना दुख पुलिस के सामने जताया। थाना पहुंचीं गांव की महिलाएं व मृतका की रिश्तेदार फूट-फूटकर रोए। सभी मृतक बेटी को न्याय देने की मांग कर रही थीं। वहीं ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

मरने से पहले पति को लिखा अलविदा

मायका पक्ष ने बताया कि मृतका शिवानी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से मौत को गले लगाने से पहले अपने पति को अलविदा लिखा था। अलविदा लिखे जाने के उपरांत उसने फंदा लगाया होगा। ये शब्द लिखने के बाद ही व्हाट्सऐप मैसज सीन का टाइम अलग है। आशंका जताई गई कि शायद उसका मोबाइल फोन किसी और ने भी चैक किया है। उन्होंने बताया कि मोबाइल से भेजे गए कुछ मैसेज भी डिलीट किए गए थे।