भटियात प्रदेश भर में अव्वल

By: May 27th, 2019 12:05 am

सिहुंता—लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा की प्रचंड़ जीत के बीच चंबा जिला का भटियात हलका मत प्रतिशतता में पूरे प्रदेश में अव्वल रहा है। भटियात हलके के मतदाताओं ने सर्वाधिक 77.76 फीसदी मतदान भाजपा के पक्ष कर एक रिकार्ड कायम किया है। भटियात हलके में कांग्रेस को महज 17.65 प्रतिशत मत ही मिले हैं। भटियात के बाद मत प्रतिशतता हासिल करने के मामले में धर्मपुर दूसरे स्थान पर है। धर्मपुर में भाजपा की मत प्रतिशतता 77.58 रही है, जबकि नालागढ 77.48 के साथ नंबर तीन पर रहा है।  लोकसभा चुनावों में मत प्रतिशतता हासिल करने के मामले में पूरे प्रदेश को पछाड़ने के बाद अब लोगों की भाजपा की प्रदेश सरकार से उम्मीदें बढ़ गई हैं। लोगों को उम्मीद है कि इस रिकार्ड के तोहफे के तौर पर हलके के विधायक को कैबिनेट में स्थान देकर भाजपा सरकार उनका मान बढ़ाएगी। इसके पीछे लोगों का तर्क यह भी है कि मुख्यमंत्री ने चुनावों के दौरान जिला को कैबिनेट में स्थान दिए जाने के पूछे सवाल पर कहा था कि चंबा की परफार्मेंस के बाद ही यह तय हो पाएगा। भटियात के लोगों का कहना है कि इस बार भाजपा प्रत्याशी को जिला के चार हलकों से एक लाख से अधिक की बढ़त दिलाई गई है। इस बढ़त में भटियात हलका नंबर बन रहा है। ऐसे में अब भाजपा को मतदाताओं का सम्मान करना चाहिए। बतातें चलें कि भटियात हल्का भाजपा का गढ़ माना जाता है। इस बार के चुनावों में भी भटियात के मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में खुलकर मतदान कर यह जता दिया है। बहरहाल, भटियात हलका जहां मत प्रतिशतता में पूरे प्रदेश में नंबर एक पर रहा है वहीं कांगडा- चंबा संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी को भी रिकार्ड लीड दिलवाने एक रिकार्ड कायम किया है। इस बेहतर प्रदर्शन के बाद अब लोग हलके को कैबिनेट में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App