भाजपा कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास किया तो कड़ा प्रतिकार करेंगे : शाह

By: May 4th, 2019 4:08 pm
भाजपा कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास किया तो कड़ा प्रतिकार करेंगे: शाह

रीवा –  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर भाजपा के कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास किया गया, तो वह इसका कड़ा प्रतिकार करेंगे। मध्यप्रदेश के रीवा जिले के गोविंदगढ़ में श्री शाह भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्र के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के चार माह के कार्यकाल के दौरान भाजपा के दो कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गयी और अब उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास किया गया, तो वह पार्टी अध्यक्ष होने के नाते इसका कड़ा प्रतिकार करेंगे। श्री शाह ने अपने 34 मिनट के भाषण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वे भाजपा सरकार के पांच वर्षो का हिसाब मांग रहे हैं, जबकि कांग्रेस के 55 वर्षो के शासन में श्री गांधी की चार पीढियों ने राज किया, इस दौरान उन्होंने क्या किया, इसका हिसाब श्री गांधी नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आज फिर दोहराया कि देश में पुन: मोदी सरकार बनने पर जम्मू कश्मीर से धारा 370 को हटाया जायेगा। भाजपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षो में मोदी सरकार ने 133 योजनाओं पर काम शुरू किया है। पचास करोड़ लोगों को आवास देने की पहल की, आठ करोड शौचालय बनवाए, 13 करोड लोगों को गैस सिलेंडर देने का काम तथा ढाई करोड़ लोगों को बिजली देने का काम इस सरकार ने किया गया। उन्होंने आयुष्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना से 59 करोड लोगों को स्वास्थ्य लाभ देने का प्रयास किया गया है।

श्री शाह ने प्रदेश में पंद्रह वर्ष पूर्व दिग्विजय सिंह सरकार का जिक्र किया और कहा कि इस सरकार ने प्रदेश का बंढ़ाधार कर दिया था, लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद इस बीमारू राज्य को उठाया गया और देश के आग्रणी राज्यों में शामिल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को बिजली, सड़क के अलावा प्रदेशवासियों के लिए अन्य कई योजनाएं दीं। श्री शाह ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में रीवा जिले की आठों सीटों पर भाजपा को मिली सफलता पर जनता आभार जताते हुए भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्र के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने विश्वास से कहा कि लोकसभा चुनाव में विंध्य की चारों सीटों पर भाजपा को जीत मिलेगी और आने वाली 23 मई को नरेंद्र मोदी एक बार फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। मध्यप्रदेश के दूसरे चरण में छह मई को टीकमगढ़, दमोह, सतना, रीवा, खजुराहो, होशंगाबाद और बैतूल लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इस सीटों पर आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार का शोरगुल समाप्त हो जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी घर घर जाकर जनसंपर्क करेंगे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App