भाजपा के कारण सफाई में पिछड़ा यूटी

By: May 12th, 2019 12:02 am

चंडीगढ़ – लोक सभा चुनाव के लिए चंडीगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल ने सेक्टर-48, स्थित जीबीएस एंड डीसी आफिस सोसायटी का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कहा कि वे कांग्रेस के सत्ता में आते ही विकास करवाएंगे। पवन कुमार बंसल ने कहा कि शहर के गौरव व रुतवे को बहाल करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि लगभग सात दशक पहले पंडित जवाहर लाल नेहरू के सपनों का स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ फ्रेंच वास्तुकार ली कार्बूजिए ने हमें दिया था। लेकिन उन्हें इस बात का अफसोस है कि भाजपा के कारण आज ये खूबसूरत शहर स्वच्छता अभियान में देश में फिसल कर 20वें स्थान पर और 100 स्मार्ट सिटी में इस खूबसूरत शहर को 67वें रैंक पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में 813 करोड़ चंडीगढ़ के विकास का बजट था, जो वर्तमान में भाजपा के कारण लगभग 400 करोड़ रह गया है, जिसके कारण शहर का विकास थमा है। इस मौके पर ईश्वर सिंह, नरदीप सिंह, राजेश ठाकुर, जितेंद्र भाटिया, मीनाक्षी चौधरी, देविंद्र बबला, संदीप भारद्वाज, विशाल अत्रे, देविंदर गुप्ता, हरफूल चंद कल्याण, विपिनजीत, कुलभूषण समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App