भाजपा के पक्ष में पीएम सबसे बड़ा मुद्दा

मुख्यमंत्री का दावा, इस बार भी प्रदेश में चारों सीटें जीतेगी पार्टी

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि मोदी सरकार ने देश के अंदरूनी और बाहरी दुश्मनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर जनता को विश्वास दिला दिया है कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते हुए देश सुरक्षित है। कश्मीर घाटी में पांच सालों मे सैकड़ों आतंकवादियों को मार गिराया गया। पठानकोट को छोड़ कर जम्मू-कश्मीर से बाहर देश के अन्य राज्यों में आतंकवादी घटनाओं को बिल्कुल रोक दिया गया। देशभर में छापे मार कर आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया। जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेताओं पर नकेल कस उन्हें जेल में डाला गया अथवा उनकी सरकारी सुरक्षा वापस ले ली गई। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में भाजपा के पक्ष में सबसे बड़ा मुद्दा नरेंद्र मोदी खुद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छह चरणों में हुए मतदान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधंन भारी बहुमत से जीत कर सत्ता में लौट रहा है। चुनाव नतीजे आने के बाद नरेंद्र मेदी दोबारा प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। हिमाचल प्रदेश में भी लोकसभा की चारों सीटें ज्यादा बढ़त के साथ एक बार फिर भाजपा को मिल रही है। हिमाचल की समझदार जनता जानती है कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा सरकार होने से प्रदेश के विकास को बल मिलेगा। उनका कहना है कि भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले राज्यों के अलावा पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और केरल जैसे राज्यों में भी इस बार बड़े पैमाने पर कमल खिलेगा।

एक भी गांव अंधेरे में नहीं

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के पक्ष में इस बार सबसे बड़ा मुद्दा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद हैं, क्योंकि जनता मोदी सरकार की जनहित की नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उठाए गए कड़े कदमों के कारण उनके साथ है। पांच सालों में 18 हजार गावों से अधिक में बिजली पहुंचाने का करिश्मा कर दिखाया। अब देश का एक भी गांव अंधेरे में नहीं है।