भाजपा के प्रचार पर खाद्य आपूर्ति निगम का सेल सुपरवाइजर सस्पेंड

By: May 2nd, 2019 12:05 am

चुनाव प्रचार में शामिल कर्मचारियों पर आयोग की बड़ी कार्रवाई

शिमला – लोकसभा चुनाव प्रचार में शामिल खाद्य आपूर्ति निगम के सेल्स सुपरवाइजर बलवीर सिंह राणा को चुनाव आयोग ने सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा संगड़ाह में चुनावों के लिए तैनात बीएलओ इंद्र सिंह को चार्जशीट करने के आदेश पारित किए हैं। आरोपी इंद्र सिंह संगड़ाह स्कूल में जेबीटी टीचर हैं। कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के आरोप में उन्हें बीएलओ पद से भी हटा दिया है। चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में इस प्रकार की पहली बार कार्रवाई की है। संयोगवश दोनों ही मामले सिरमौर जिला के हैं। खाद्य आपूर्ति निगम के सेल्स सुपरवाइजर पर भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने का आरोप है। सिरमौर जिला के रेणुकाजी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने चुनाव आयोग को भेजी शिकायत में कहा था कि सेल्स सुपरवाइजर भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हरिपुरधार में आयोजित भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति निगम का कर्मचारी मौजूद हुआ। कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग को भेजी गई फोटो में सेल्स सुपरवाइजर अपने हाथों से विजयी चिन्ह बना रहा है। कांग्रेस की इस शिकायत पर चुनाव आयोग ने डीसी सिरमौर से रिपोर्ट तलब की। इसके चलते एसडीएम संगड़ाह को जांच का जिम्मा सौंपा गया। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर बलवीर सिंह राणा के विरुद्ध सेंट्रल सिविल सर्विसिज (क्लासिफिकेशन कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत बीएस राणा को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। उनका हेड ऑफिस राजधानी शिमला में तैनात कर रिपोर्ट करने के आदेश दिए हैं। एक अन्य मामले में जेबीटी टीचर के खिलाफ चुनाव आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। स्कूल अध्यापक इंद्र सिंह को चुनाव आयोग ने संगड़ाह में बीएलओ तैनात किया था। भाजपा मंडल ने इंद्र सिंह की शिकायत की। इसमें कहा गया कि जेबीटी टीचर इंद्र सिंह बीएलओ होने के बावजूद कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहा है। पिछले माह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सिरमौर जिला के प्रवास पर थे। इस दौरान वह वीरभद्र सिंह के साथ एक समारोह में शामिल रहे। भाजपा ने साक्ष्य के तौर पर इसके फोटो भी चुनाव आयोग को भेजे थे। इसमें स्पष्ट हुआ था कि बीएलओ पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र को राजनीतिक कार्यक्रम में हाथ जोड़कर अभिनंदन कर रहे हैं। हालांकि इसके जवाब में बीएलओ ने स्पष्ट किया था कि वह अपने दामाद के घर निजी समारोह में हिस्सा लेने गए थे। इस समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी मौजूद थे। बावजूद इसके चुनाव आयोग ने उन्हें बीएलओ पद से हटाकर चार्जशीट करने को कहा है। इसी तर्ज पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सेल सुपरवाइजर ने अपने ऊपर लगाए आरोपों को खारिज कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App